
चंद्रनाथ रथ की क्षतिग्रस्त गाड़ी (Img: Google)
Kolkata: पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ (Chandranath Rath) की हत्या ने राज्य की राजनीति और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार देर रात मध्यमग्राम इलाके में हुए इस हमले ने पूरे इलाके को दहला दिया। चश्मदीदों के मुताबिक वारदात इतनी खौफनाक थी कि मौके पर मौजूद लोग सहम गए।
बताया जा रहा है कि चंद्रनाथ रथ अपनी स्कॉर्पियो कार से घर लौट रहे थे तभी हमलावरों ने उनकी गाड़ी को घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस हमले में चंद्रनाथ रथ की मौत हो गई, जबकि उनके ड्राइवर बुद्धदेव बेरा गंभीर रूप से घायल हैं।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने जो मंजर देखा, उसने सभी को झकझोर दिया। एक चश्मदीद ने बताया कि सड़क किनारे सफेद स्कॉर्पियो खड़ी थी और ड्राइवर जोर-जोर से रो रहा था। उसने बताया, “ड्राइवर लगातार कह रहा था- ‘साहब, आपको क्या हो गया।’ जब हम कार के पास पहुंचे तो देखा कि बगल की सीट पर बैठे व्यक्ति के सीने से तेजी से खून बह रहा था। उनका पूरा शरीर खून से भीग चुका था। वह जिंदा थे, लेकिन कुछ बोल नहीं पा रहे थे।”
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और दोनों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमला पूरी तरह योजनाबद्ध था। चंद्रनाथ रथ कोलकाता से नॉर्थ 24 परगना स्थित अपने फ्लैट लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी घर से करीब 200 मीटर दूर पहुंची एक संदिग्ध कार ने रास्ता रोक लिया। बताया जा रहा है कि उस कार पर सिलीगुड़ी रजिस्ट्रेशन नंबर था, लेकिन पुलिस को शक है कि नंबर प्लेट फर्जी हो सकती है।
जांच एजेंसियों के अनुसार जैसे ही स्कॉर्पियो की रफ्तार धीमी हुई, चार मोटरसाइकिलों पर सवार आठ हमलावर वहां पहुंचे। सभी ने हेलमेट पहन रखा था ताकि उनकी पहचान न हो सके। हमलावरों ने बेहद करीब से कई राउंड फायरिंग की। गोली लगते ही कार के अंदर अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
मध्यमग्राम के अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक चंद्रनाथ रथ को बाईं छाती में दो गोलियां लगी थीं। अस्पताल पहुंचने तक उनकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। वहीं ड्राइवर बुद्धदेव बेरा को भी तीन गोलियां लगी हैं। एक गोली उनके सीने, दूसरी पेट और तीसरी हाथ में लगी। उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोलकाता के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) देर रात अस्पताल पहुंचे। उनके साथ बीजेपी के कई नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। अस्पताल के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई जिसके बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
शुभेंदु अधिकारी ने इस घटना को सुनियोजित हत्या बताते हुए कहा कि चंद्रनाथ रथ लंबे समय से उनके सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में शामिल थे।
इस हत्याकांड को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने भी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी कर घटना की निंदा की। टीएमसी ने कहा कि किसी भी राजनीतिक हिंसा को स्वीकार नहीं किया जा सकता और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही पार्टी ने हाल के दिनों में मारे गए अपने कार्यकर्ताओं का भी जिक्र किया।
चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में तनाव और बढ़ गया है। बीजेपी इसे राजनीतिक साजिश बता रही है, जबकि पुलिस हर एंगल से जांच करने की बात कह रही है।
Location : Kolkata
Published : 7 May 2026, 8:50 AM IST