हिंदी
20 सितंबर 2025 की बड़ी खबरों में पीएम मोदी का गुजरात दौरा, राष्ट्रपति मुर्मू की गया यात्रा और डोनाल्ड ट्रंप के H1B वीजा, टिकटॉक डील व चाबहार पोर्ट पर बड़े फैसले शामिल हैं। डाइनामाइट न्यूज़ पर देश-दुनिया की सभी अहम सुर्खियां पढ़ें, सिर्फ एक क्लिक में।
आज की ताजा खबरें
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कल मोरक्को के आधिकारिक दौरे पर रवाना होंगे। उन्होंने कहा है कि इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रणनीतिक और रक्षा सहयोग को और मजबूत करना है। भारत-मोरक्को संबंधों को लेकर यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है।
अमेरिका में H1B वीज़ा नियमों में बदलाव को लेकर भारत सरकार की प्रतिक्रिया सामने आई है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वह नए नियमों के संभावित प्रभावों का गंभीरता से अध्ययन कर रहा है। सरकार भारतीय पेशेवरों के हितों की रक्षा के लिए सभी विकल्पों पर विचार कर रही है।
दूध और डेयरी ब्रांड अमूल ने अपने 700 से ज्यादा उत्पादों के दामों में कटौती का ऐलान किया है। 22 सितंबर से यह नई दरें लागू होंगी, जिसमें घी पर 40 रुपये प्रति लीटर की सीधी छूट मिलेगी। उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी इस घोषणा से त्योहारी सीजन में मांग बढ़ने की उम्मीद है।
मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता मोहनलाल को दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। यह अवॉर्ड भारतीय सिनेमा में उनके दशकों के अद्वितीय योगदान के लिए दिया जा रहा है। फिल्म इंडस्ट्री और फैंस के बीच इस घोषणा से उत्साह और गर्व की लहर दौड़ गई है।
ईरान के राष्ट्रपति मसीह अली पेजेशकियान ने E3 समूह (फ्रांस, जर्मनी, ब्रिटेन) पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इन देशों के जारी प्रतिबंध परमाणु समझौते को आगे बढ़ाने में बाधा बन रहे हैं। पेजेशकियान ने समझौते को पुनर्जीवित करने के लिए निष्पक्षता और प्रतिबंध हटाने की मांग की है।
बिहार के मंत्री जीवेश कुमार ने तेजस्वी यादव को लीगल नोटिस भेजते हुए मानहानि का दावा किया है। तेजस्वी ने उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे, जिसे जीवेश ने बेबुनियाद बताया। अब इस कानूनी जंग से बिहार की राजनीति में गरमाहट बढ़ गई है।
कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद ने साफ कहा कि महागठबंधन में मुख्यमंत्री पद का चेहरा सिर्फ तेजस्वी यादव होंगे। उन्होंने कहा कि इस पर सभी दलों में सहमति है और कोई दूसरा विकल्प नहीं है। बयान से बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है।
कर्नाटक में जाति जनगणना को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार इस मुद्दे पर कांग्रेस हाईकमान से चर्चा करेंगे। संभावना जताई जा रही है कि जनगणना प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित किया जा सकता है।
एशिया कप में भारत के खिलाफ हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले पाकिस्तान टीम ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस अचानक रद्द कर दी। इस फैसले को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, टीम मैनेजमेंट ने रद्द करने की कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई है।
यूरोप के प्रमुख हवाईअड्डों पर साइबर हमले के कारण सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। लंदन के हीथ्रो और ब्रसेल्स एयरपोर्ट सहित कई अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल इसकी चपेट में आ गए। सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं, यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
लोथल में खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हवाई यात्रा रद्द करनी पड़ी। उन्होंने सुरक्षा के मद्देनज़र सड़क मार्ग से अहमदाबाद का रुख किया। प्रशासन ने पूरे रूट पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए हैं।
पंजाब में आई भयंकर बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसे राज्य के इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदी करार दिया। सरकार राहत और बचाव कार्य में तेजी से जुटी हुई है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
लखनऊ के पलासियो मॉल के गेट पर अचानक फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 4 संदिग्धों को हिरासत में लिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हथियारों की बरामदगी की पुष्टि भी की जा रही है।
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सिंगर जुबिन गर्ग की मृत्यु पर जांच का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने इस मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस को जांच शुरू करने का निर्देश दिया है। जुबिन गर्ग की असमय मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे थे, जिस पर अब सरकार ने सख्ती से जांच करने का निर्णय लिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भावनगर में आयोजित एक कार्यक्रम में भारत की विश्वबंधु भावना को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भारत की नीति हमेशा शांति, सहयोग और सौहार्द्र की रही है, और दुनिया में हमारा कोई दुश्मन नहीं है। प्रधानमंत्री ने ये भी बताया कि भारत अब हर मोर्चे पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है।
नजफगढ़ और महरौली के स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद पुलिस और स्कूल प्रशासन अलर्ट हो गए हैं। मामले की गंभीरता से जांच कर रहे पुलिस अधिकारी, स्कूलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 खाली सीटों के लिए मतदाता सूचियों के संशोधन का कार्य 30 सितंबर से शुरू होगा। नामांकन की अंतिम तिथि 6 नवंबर और अंतिम मतदाता सूची 30 दिसंबर को प्रकाशित होगी। स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की रिक्त सीटें 6 दिसंबर को भरी जाएंगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज बिहार के गया शहर के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगी। वह प्रसिद्ध श्री विष्णुपद मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी और स्थानीय अधिकारियों व नागरिकों से भी मुलाकात करेंगी। यह दौरा राष्ट्रपति की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा हुआ है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह 34,200 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें ‘समुद्र की समृद्धि’ परियोजना भी शामिल है, जो समुद्री व्यापार और तटीय राज्यों के आर्थिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
New Delhi: आज 20 सितंबर 2025 की बड़ी खबरों में देश और दुनिया से जुड़े कई अहम घटनाक्रम सामने आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के दौरे पर रहेंगे, जबकि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बिहार के गया में धार्मिक यात्रा पर होंगी। इसके अलावा अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने H1B वीजा, टिकटॉक डील और चाबहार पोर्ट को लेकर कई बड़े ऐलान किए हैं। डाइनामाइट न्यूज़ पर यहां शनिवार, 20 सितंबर की सबसे बड़ी सुर्खियों से रहें अपडेट। अहम घटनाक्रम और ट्रेंडिंग कहानियों तक तुरंत पहुंचें, वो भी सिर्फ एक क्लिक में।