हिंदी
दिल्ली के नए कमिश्नर एसबीके सिंह
New Delhi: दिल्ली पुलिस को नया नेतृत्व मिल गया है। एसबीके सिंह को दिल्ली का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वे संजय अरोड़ा का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 31 जुलाई 2025 को समाप्त हो गया। लंबे समय से यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि अगला कमिश्नर बाहरी राज्य से आएगा या दिल्ली-यूटी काडर से। सरकार ने अनुभव और सेवा को ध्यान में रखते हुए एसबीके सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपी है।
एसबीके सिंह बने दिल्ली के नए पुलिस कमिश्नर, संजय अरोड़ा की जगह संभालेंगे पदभार #delhipolicecommissioner #Delhinews pic.twitter.com/dbTzuTKuMB
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) July 31, 2025
संजय अरोड़ा का कार्यकाल खत्म
बता दें कि दिल्ली पुलिस में नेतृत्व परिवर्तन हो गया है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा के सेवानिवृत्त होने के बाद गृह मंत्रालय ने दिल्ली होमगार्ड के महानिदेशक (DG) एसबीके सिंह को दिल्ली पुलिस कमिश्नर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। यह निर्णय गृह मंत्रालय द्वारा आधिकारिक रूप से स्वीकृत किया गया है। संजय अरोड़ा का कार्यकाल 31 जुलाई 2025 को समाप्त हुआ।
कौन हैं आईपीएस अधिकारी एसबीके सिंह?
एसबीके सिंह 1988 बैच के AGMUT कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं। वह बिहार से ताल्लुक रखते हैं और दिल्ली पुलिस में कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इससे पहले वे विशेष पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) के पद पर भी रह चुके हैं और वर्तमान में दिल्ली होम गार्ड्स के DG के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें अभी DG होमगार्ड के पद से मुक्त नहीं किया गया है, यानी वे दोनों जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
संजय अरोड़ा का कार्यकाल
संजय अरोड़ा ने 1 अगस्त 2022 को दिल्ली पुलिस कमिश्नर का पदभार संभाला था। वे तमिलनाडु कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं और राकेश अस्थाना की सेवानिवृत्ति के बाद कमिश्नर बनाए गए थे। अपने दो साल के कार्यकाल में उन्होंने संगठित अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, नशीले पदार्थों की बड़ी बरामदगी और शांत, सधे हुए नेतृत्व के लिए सराहना पाई। उनका विदाई समारोह आज सुबह न्यू पुलिस लाइंस, किंग्सवे कैंप के परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया, जहां उन्हें औपचारिक रूप से सम्मानित किया गया।
सूत्रों के अनुसार, एसबीके सिंह की सेवा सेवानिवृत्ति में अभी पांच महीने का समय शेष है, लेकिन माना जा रहा है कि केंद्र सरकार उन्हें पूर्णकालिक पुलिस कमिश्नर नियुक्त कर एक से दो साल का सेवा विस्तार दे सकती है। यह भी खास है कि चार साल बाद एक बार फिर यूटी कैडर के अधिकारी को दिल्ली पुलिस की कमान सौंपी गई है।
एसबीके सिंह का अनुभव
दिल्ली पुलिस में लंबे समय तक कार्यरत रहे एसबीके सिंह को कानून व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा और प्रशासनिक दक्षता का गहन अनुभव है। उन्होंने संवेदनशील मामलों की निगरानी और जमीनी स्तर पर प्रभावशाली पुलिसिंग में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उनके नेतृत्व में दिल्ली पुलिस से लोगों को नयी ऊर्जा और दिशा की उम्मीद है।
Location : New Delhi
Published : 31 July 2025, 1:14 PM IST
Topics : Delhi Police CP Delhi News Delhi Police Delhi Police Commissioner New Delhi Police Commissioner SBK Singh