
अपराधियों ने फाइनेंस कर्मी से की लूट, पूछताछ करती पुलिस (फोटो सोर्स-इंटरनेट)
Saraikela Robbery Case: झारखंड के सरायकेला जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत डैमडूबी में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। हथियारबंद बदमाशों ने एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मी से लगभग डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। घटना के दौरान अपराधियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से एक राउंड फायरिंग भी की, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। वारदात के बाद अपराधी आराम से मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, माइक्रो फाइनेंस कंपनी का कर्मी गुरुवार दोपहर क्षेत्र में संग्रहण कार्य पूरा कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसे रास्ते में रोक लिया। बदमाशों ने हथियार के बल पर उसके पास मौजूद रुपये से भरा बैग छीन लिया। विरोध की आशंका को देखते हुए अपराधियों ने फायरिंग भी की, जिससे आसपास मौजूद लोग डर गए और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
Jharkhand News: देवघर अस्पताल में बड़ा बदलाव, अब हाईटेक मशीनों से होगा झटपट इलाज
घटना के दौरान हुई फायरिंग से डैमडूबी और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोग गोली चलने की आवाज सुनकर सहम गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने क्षेत्र के लोगों को सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाने को मजबूर कर दिया है। लोगों का कहना है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म होता नजर आ रहा है।
घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस समय अपराधी लूट (Robbery) की वारदात को अंजाम दे रहे थे, उसी समय कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार जिला मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद थे। ऐसे में अपराधियों द्वारा समय चुनकर वारदात को अंजाम देना पुलिस की सक्रियता और क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई लूट और फायरिंग की घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।
Location : Saraikela
Published : 8 May 2026, 8:46 AM IST