हाथकरघा को मिलेगा नया सम्मान! PM मोदी ने बताया क्यों खास है 7 अगस्त

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस से पहले देशवासियों से खास अपील की है। पीएम मोदी ने 7 अगस्त को स्वदेशी आंदोलन की याद दिलाते हुए लोगों से हैंडलूम उत्पादों को अपनाने और बुनकर परिवारों को सम्मान देने की अपील की।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 7 August 2026, 7:13 AM IST
google-preferred

New Delhi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक वीडियो संदेश ने देशभर के बुनकरों और स्वदेशी उत्पादों को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है। 7 अगस्त को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस से पहले पीएम मोदी ने देशवासियों से खास अपील की है। उन्होंने कहा कि हाथकरघा सिर्फ कपड़ा बनाने का जरिया नहीं है, बल्कि यह भारत की परंपरा, संस्कृति और लाखों बुनकर परिवारों की मेहनत की पहचान है। पीएम मोदी ने लोगों से अपील की कि वे हैंडलूम उत्पादों को अपनाएं और बुनकरों को आर्थिक मजबूती देने में अपना योगदान दें।

स्वदेशी आंदोलन की याद दिलाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में 7 अगस्त 1905 को शुरू हुए स्वदेशी आंदोलन को याद किया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन भारत के स्वतंत्रता संग्राम का एक महत्वपूर्ण पड़ाव था, जिसने अंग्रेजों के खिलाफ देशवासियों को एकजुट किया। स्वदेशी आंदोलन ने लोगों को देश में बने उत्पादों को अपनाने की प्रेरणा दी और यही सोच आगे चलकर आत्मनिर्भर भारत की नींव बनी।

पीएम मोदी ने कहा कि उस समय देश का जन-जन इस संघर्ष से जुड़ गया था। लोगों ने विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार कर भारतीय कारीगरों और उत्पादों को बढ़ावा दिया था। उन्होंने कहा कि आज भी देश को उसी भावना के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है।

7 अगस्त को हैंडलूम दिवस मनाने की अपील

पीएम मोदी ने देशवासियों से अपील की कि वे 7 अगस्त को राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि यह दिन उन लाखों बुनकर परिवारों के सम्मान का अवसर है, जो अपने हाथों की कला और मेहनत से कपड़े तैयार करते हैं।

उन्होंने कहा कि देश के कई हिस्सों में बुनकर परिवार पीढ़ियों से इस काम से जुड़े हुए हैं। वे नए डिजाइन, नई वैरायटी और पारंपरिक कला को बचाए रखने का काम कर रहे हैं। ऐसे में हैंडलूम को बढ़ावा देना इन परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में मदद करेगा।

GRWM वीडियो के जरिए दुनिया तक पहुंचाएं हैंडलूम

प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं से खास अपील करते हुए कहा कि वे हैंडलूम उत्पादों के साथ GRWM यानी "गेट रेडी विद मी" वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करें। उन्होंने कहा कि इससे भारतीय हैंडलूम की खूबसूरती और बुनकरों की मेहनत दुनिया के सामने आएगी।

पीएम मोदी ने लोगों से ज्यादा से ज्यादा हैंडलूम से बने कपड़े और उत्पाद खरीदने की अपील की। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए जरूरी है कि छोटे कारीगरों और बुनकरों को आगे बढ़ने का अवसर मिले। हाथकरघा को अपनाकर देश लाखों परिवारों के जीवन में बदलाव भी ला सकता है।

Location :  New Delhi

Published :  7 August 2026, 6:44 AM IST

Advertisement