हिंदी
बिहार-यूपी में भारी बारिश (Img- Internet)
New Delhi: अप्रैल के आखिरी दिनों में जहां उत्तर भारत भीषण गर्मी से जूझ रहा था, वहीं 29 अप्रैल को आई आंधी-तूफान और बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को राहत मिली है। बुधवार शाम को अचानक बदले मौसम ने गर्मी का असर कम कर दिया और गुरुवार सुबह भी मौसम सुहावना बना हुआ है।
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को मौसम विभाग ने तेज हवाओं के साथ आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई है। साथ ही बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की धूप भी देखने को मिलेगी। मौसम में इस बदलाव के कारण हीटवेव से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि 1 और 2 मई को मौसम साफ रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। 30 अप्रैल को अलीगढ़, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, सोनभद्र, अमेठी, सुल्तानपुर और फुरसतगंज सहित कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। राजधानी लखनऊ में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं और बिजली गिरने की भी आशंका है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बिहार में मौसम विभाग ने सभी 38 जिलों में गरज के साथ आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें से 19 जिलों को ऑरेंज अलर्ट और बाकी 19 को येलो अलर्ट पर रखा गया है। कई स्थानों पर भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। बिजली गिरने की भी संभावना है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। तापमान में हल्की गिरावट के बावजूद उमस से राहत नहीं मिल पा रही है।
उत्तराखंड के कई जिलों में अगले 48 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान है। नैनीताल, देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जैसे पहाड़ी इलाकों में विशेष अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 5 मई तक राज्य में ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है।
गर्मी और लू से राहत के लिए यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में स्कूल टाइमिंग बदली, जानें अब क्या होगा समय
29 अप्रैल को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री दर्ज किया गया था। लेकिन बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है। इसका असर घरों के पानी के टैंकों पर भी देखा गया, जहां पहले पानी गर्म हो जाता था, वहीं अब तापमान सामान्य महसूस हो रहा है। यह बदलाव लोगों के लिए राहत भरा साबित हो रहा है।
Location : New Delhi
Published : 30 April 2026, 7:48 AM IST