हिंदी
आंधी-बारिश
New Delhi: उत्तर भारत में ठंड के कमजोर पड़ने के बाद अब मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते देश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया है। इसका असर मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी राज्यों तक देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई जगहों पर 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
IMD के मुताबिक अगले 24 घंटों में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश और तूफान की संभावना है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, वहीं कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। इससे पहाड़ी सड़कों पर फिसलन बढ़ सकती है और यातायात प्रभावित हो सकता है। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
Weather Update: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का कहर, शीतलहर और घने कोहरे से जनजीवन अस्त-व्यस्त
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में सुबह से ही बादल छाए रहे और हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अगले 24 घंटे बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान लगभग 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। तेज हवाओं के कारण ठंड का एहसास बढ़ सकता है।
उत्तर प्रदेश में मौसम पूरी तरह बदल चुका है। दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी के बावजूद सुबह और शाम ठंड बनी हुई है। मौसम विभाग ने राज्य के 45 जिलों में आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है, जबकि 15 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। पश्चिमी यूपी से लेकर अवध क्षेत्र तक पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव देखा जा रहा है। गाजियाबाद और आसपास के इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
Weather Update: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड चरम पर, कई राज्यों में अगले 72 घंटों की चेतावनी
उत्तर प्रदेश से सटे बिहार में फिलहाल अगले 48 घंटों तक किसी बड़े मौसम अलर्ट की घोषणा नहीं की गई है। राज्य के अधिकांश जिलों में घने कोहरे से राहत मिलने की उम्मीद है और शीतलहर का प्रभाव भी धीरे-धीरे कम होगा।
Location : New Delhi
Published : 23 January 2026, 7:45 AM IST