Murali -Dinesh News: क्या टूट गई कड़वाहट की दीवार? मुरली विजय ने दिनेश कार्तिक को बताया अपना खास दोस्त

भारतीय क्रिकेट के दो चर्चित खिलाड़ियों मुरली विजय और दिनेश कार्तिक को लेकर एक नई तस्वीर सामने आई है। जिससे उम्मींद जताई जा रही है कि दोनों खिलाड़ियों के बीच लंबे समय से चली आ रही दूरियों के खत्म होने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 5 July 2026, 4:34 PM IST
google-preferred

New Delhi: भारतीय क्रिकेट के पूर्व सलामी बल्लेबाज मुरली विजय ने तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (TNCA) के वार्षिक कार्यक्रम में ऐसा बयान दिया, जिसने क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विजय ने अपने संबोधन के दौरान पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि दिनेश कार्तिक सिर्फ एक बेहतरीन क्रिकेटर ही नहीं, बल्कि उनके बेहद करीबी दोस्त भी हैं। मुरली विजय का यह बयान इसलिए खास माना जा रहा है क्योंकि दोनों खिलाड़ियों के रिश्तों को लेकर वर्षों से अलग-अलग तरह की चर्चाएं होती रही हैं।

दिनेश कार्तिक के खेल और अनुभव की सराहना

अपने संबोधन में मुरली विजय ने कहा कि वह बचपन से दिनेश कार्तिक का खेल देखते आए हैं। उन्होंने कहा कि कार्तिक तमिलनाडु क्रिकेट के सबसे बेहतरीन विकेटकीपर-बल्लेबाजों में से एक हैं। विजय ने बताया कि उन्हें कई बार नॉन-स्ट्राइकर एंड से कार्तिक की बल्लेबाजी को करीब से देखने का मौका मिला। उनके अनुसार, कार्तिक की बल्लेबाजी का अंदाज और खेल को समझने की क्षमता बेहद खास है। उन्होंने यह भी कहा कि दिनेश कार्तिक के अनुभव और क्रिकेट की समझ से उन्हें अपने करियर में काफी मदद मिली। इसके लिए उन्होंने सार्वजनिक मंच से उनका धन्यवाद भी किया।

कॉलेज जाने का झांसा… खेत में खामोश हुई मुस्कान, बदायूं की बेटी के टूटे सपने, क्या फॉरेंसिक सुराग खोलेंगे राज?

कभी दोस्ती, फिर बढ़ी दूरियां

एक समय ऐसा था जब मुरली विजय और दिनेश कार्तिक तमिलनाडु और भारतीय टीम के लिए साथ खेलते थे। दोनों को अच्छे दोस्तों में गिना जाता था। बाद में दिनेश कार्तिक और उनकी तत्कालीन पत्नी निकिता वंजारा का वैवाहिक संबंध समाप्त हो गया। इसके बाद निकिता ने मुरली विजय से विवाह कर लिया। इस घटना के बाद दोनों खिलाड़ियों के रिश्तों में दूरी आ गई और लंबे समय तक दोनों के बीच बातचीत या सार्वजनिक रूप से साथ दिखाई देने की खबरें सामने नहीं आईं। हालांकि, दोनों खिलाड़ियों ने कभी भी एक-दूसरे के खिलाफ सार्वजनिक मंच से कोई विवादित बयान नहीं दिया।

दिनेश कार्तिक ने मुश्किल दौर के बाद बनाई नई पहचान

निजी जीवन में कठिन दौर से गुजरने के बावजूद दिनेश कार्तिक ने क्रिकेट में शानदार वापसी की। उन्होंने भारतीय टीम के लिए कई अहम मुकाबलों में फिनिशर की भूमिका निभाई और अपनी उपयोगी पारियों से टीम को जीत दिलाई। बाद में उन्होंने भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी दीपिका पल्लीकल से शादी की। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी वह क्रिकेट से जुड़े हुए हैं। वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा हैं। इसके अलावा वह क्रिकेट कमेंट्री और मैच विश्लेषण में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

सोशल मीडिया पर बयान की हो रही चर्चा

मुरली विजय के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर क्रिकेट प्रशंसकों की कई प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कई लोगों ने इसे खेल भावना और परिपक्वता का उदाहरण बताया है। फैंस का मानना है कि समय के साथ दोनों खिलाड़ियों ने पुराने मतभेदों को पीछे छोड़ दिया है। मुरली विजय का सार्वजनिक रूप से दिनेश कार्तिक की तारीफ करना इसी दिशा में एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

क्रिकेट प्रेमियों के लिए सकारात्मक संदेश

खेल जगत में खिलाड़ियों के बीच मतभेद होना नई बात नहीं है, लेकिन समय के साथ रिश्तों में सुधार होना खेल भावना की पहचान माना जाता है। मुरली विजय के ताजा बयान ने यह संदेश दिया है कि व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर एक-दूसरे के योगदान का सम्मान किया जा सकता है। क्रिकेट प्रशंसकों को भी उम्मीद है कि दोनों पूर्व खिलाड़ियों के बीच अब रिश्ते सामान्य हो चुके हैं।

Location :  New Delhi

Published :  5 July 2026, 4:34 PM IST

Advertisement