हिंदी
जम्मू कश्मीर विधासभा में हंगामा (Img: X)
Srinagar: जम्मू-कश्मीर विधानसभा में शुक्रवार को कार्यवाही शुरू होने से पहले ही जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) और पीडीपी (PDP) के विधायकों ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान विधायकों ने ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह खामेनेई के पोस्टर लहराए और अमेरिका-इजरायल की सैन्य कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी की। इस पर बीजेपी विधायकों ने कड़ा विरोध जताया, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
देखते ही देखते दोनों पक्षों के विधायक आमने-सामने आ गए और विवाद धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। सदन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसके चलते कार्यवाही प्रभावित हुई।
नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक तनवीर सादिक काले कपड़ों में नजर आए और उन्होंने विरोध दर्ज कराया। पीडीपी के विधायकों ने भी धार्मिक और राजनीतिक नारे लगाए। लगातार हो रही नारेबाजी के कारण स्पीकर को कई बार हस्तक्षेप करना पड़ा, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं हो सकी।
दूसरी ओर भाजपा विधायकों ने जम्मू में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (NLU) की मांग को लेकर विरोध जताया। उन्होंने “जम्मू को इंसाफ दो” और “लेकर रहेंगे NLU” जैसे नारे लगाए। कांग्रेस और भाजपा विधायकों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। भाजपा विधायकों ने “नरेंद्र मोदी जिंदाबाद” के नारे लगाए, जिससे माहौल और गरमा गया।
इस मुद्दे पर चर्चा के लिए एनसी विधायकों ने स्थगन प्रस्ताव भी पेश किया, लेकिन हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल पाई। लगातार शोर-शराबे के चलते किसी भी महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा संभव नहीं हो सकी।
Location : Srinagar
Published : 27 March 2026, 10:54 AM IST