हिंदी
बेटे की खबर मिलते ही परिवार में मची हलचल (Img: Dynamite News)
New Delhi News: फ्लाईदुबई से जुड़े घटनाक्रम के बाद भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर लगातार चर्चा में हैं। उनकी भूमिका को लेकर लोगों में उत्सुकता बनी हुई है। इस बीच उनके पिता भूपेंद्र मच्छर ने बेटे से जुड़ी कई बातें साझा की हैं। उन्होंने बताया कि जैसे ही परिवार को घटना की जानकारी मिली, सभी की चिंता बढ़ गई थी। उस वक्त परिवार के लिए सबसे अहम बात यह थी कि स्मित सुरक्षित रहें और उनके साथ कोई अनहोनी न हो।
परिवार ने बेटे की सलामती के लिए मंदिर में जाकर प्रार्थना भी की। पिता के मुताबिक, घटना के दौरान स्मित ने यात्रियों की सुरक्षा को सबसे ऊपर रखा और अपनी तरफ से पूरी कोशिश की कि विमान में सवार लोगों को सुरक्षित रखा जा सके।
भूपेंद्र मच्छर ने बताया कि उनके बेटे स्मित करीब 17 साल से विमान उड़ा रहे हैं। उनके लिए पायलट की नौकरी सिर्फ एक पेशा नहीं है, बल्कि उड़ान उनका जुनून है। लंबे समय से विमानन क्षेत्र में काम करने के दौरान स्मित दूसरे पायलटों का मार्गदर्शन भी करते रहे हैं।
पिता ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को ऐसे असाधारण हालात के लिए पूरी तरह तैयार नहीं किया जा सकता। मगर संकट की घड़ी में स्मित ने अपनी पूरी क्षमता का इस्तेमाल किया। उनके मुताबिक, उस समय बेटे के दिमाग में सबसे बड़ी चिंता विमान में पीछे बैठे यात्रियों की जान बचाने की थी।
भारतीय वाणिज्यिक पायलटों के संगठन फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स (FIP) ने कैप्टन मच्छर को उनकी बहादुरी के लिए राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की मांग की है। संगठन की इस मांग के बाद कैप्टन स्मित की भूमिका को लेकर चर्चा और तेज हो गई है। हालांकि किसी भी पुरस्कार या सम्मान पर अंतिम निर्णय संबंधित प्रक्रिया के तहत ही लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- Flydubai Flight FZ1073: भारतीय कैप्टन स्मित मछार के साहस और बहादुरी की पीएम मोदी ने किया सलाम
इस पूरे मामले में जांच का अगला चरण भी अहम माना जा रहा है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, फ्लाईदुबई विमान को कथित तौर पर क्रैश करने की कोशिश से जुड़े सह-पायलट से इजराइली अधिकारी पूछताछ कर सकते हैं। बताया गया है कि सह-पायलट पहले सऊदी अरब के अधिकारियों की हिरासत में था। बाद में उसे संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को सौंप दिया गया। सऊदी अरब और इजराइल के बीच राजनयिक संबंध नहीं होने के कारण इजराइली अधिकारियों के लिए वहां जांच करना संभव नहीं था।
अब रिपोर्ट के मुताबिक, इजराइली जांचकर्ता UAE के नेतृत्व में चल रही जांच में अमीराती अधिकारियों के साथ शामिल हो सकते हैं। जांच का उद्देश्य घटना की परिस्थितियों और विमान के भीतर उस समय वास्तव में क्या हुआ, इसकी जानकारी जुटाना है।
Location : New Delhi
Published : 3 October 2026, 11:40 AM IST
Topics : aviation Captain Smit Flydubai pilot