
अचानक बदला मौसम का मिजाज प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
New Delhi: दिल्ली-NCR में शुक्रवार को एक बार फिर मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। सुबह से उमस और गर्मी का सामना कर रहे लोगों को दोपहर बाद तेज आंधी और बारिश से राहत मिली। दिल्ली, नोएडा समेत कई इलाकों में बारिश शुरू होने के साथ ही मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। इस दौरान तेज हवाओं, गरज-चमक और भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
शुक्रवार सुबह दिल्ली में आसमान पर आंशिक रूप से बादल छाए रहे और मौसम में उमस बनी रही। इसके बाद दोपहर के समय अचानक तेज हवाएं चलने लगीं और कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई। दिल्ली के साथ-साथ नोएडा और आसपास के एनसीआर क्षेत्रों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिला।
सुबह से गर्मी और उमस झेल रहे लोगों को बारिश के बाद कुछ राहत मिली। हालांकि, तेज हवा और गरज-चमक के कारण लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक घंटे के दौरान दिल्ली के उत्तरी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली चमकने की संभावना है। इसके बाद अगले तीन घंटों के दौरान दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
आईएमडी ने इस दौरान आंधी-तूफान और बिजली चमकने की चेतावनी भी जारी की है। मौसम के इस बदलाव के बीच लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
BRICS Summit 2026 के बीच दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज, आसमान से राहत या आफत?#Weather #India #DelhiPolice #Brics2026 #ViralVideo #DynamiteNews pic.twitter.com/cpMGms08u2
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) September 11, 2026
इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम में न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री, लोधी रोड में 27.2 डिग्री, रिज में 23 डिग्री और आयानगर में 26.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रिज का तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री कम रहा, जबकि आयानगर में तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। वहीं, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
महेश बाबू को SIR नोटिस क्यों? राजामौली, साइना नेहवाल और वीवीएस लक्ष्मण भी सूची में; जानें पूरा मामला
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार शाम से रात तक दिल्ली-NCR में हल्की से मध्यम बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ बहुत हल्की बारिश की भी संभावना है।
यानी दिन में अचानक बदले मौसम के बाद दिल्ली-NCR के लोगों को शाम और रात में भी बारिश का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में बाहर निकलने वाले लोगों को मौसम की स्थिति देखकर ही यात्रा करने की सलाह दी जाती है।
Location : New Delhi
Published : 11 September 2026, 2:29 PM IST