Site icon Hindi Dynamite News

छठ पूजा के बीच मौसम ने ली करवट, दिल्ली-एनसीआर में बारिश, यूपी-बिहार में गिरेगा तापमान

देश के कई राज्यों में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना है, जबकि यूपी, राजस्थान और महाराष्ट्र के कई जिलों में चक्रवात व तेज बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। बिहार में कल बारिश के आसार हैं।
Post Published By: Tanya Chand
Published:
छठ पूजा के बीच मौसम ने ली करवट, दिल्ली-एनसीआर में बारिश, यूपी-बिहार में गिरेगा तापमान

New Delhi: छठ महापर्व के तीसरे दिन देशभर में मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं। दिल्ली-एनसीआर से लेकर बिहार तक कई राज्यों में बादल, बारिश और हवाओं का असर दिख सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई इलाकों में मूसलाधार बारिश और चक्रवाती हवाओं की चेतावनी जारी की है।

राजधानी दिल्ली में आज पूरे दिन बादल छाए रहेंगे। शाम के समय हल्की बारिश भी संभव है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस बारिश से दिल्लीवासियों को ठंड का हल्का एहसास होगा। राजधानी में सोमवार तक मौसम बदला-बदला रह सकता है और तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जाएगी।

दिल्ली-एनसीआर में बादलों का डेरा

दिल्ली और इसके आसपास के क्षेत्रों नोएडा, गुरुग्राम, गाज़ियाबाद और फरीदाबाद में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार शाम या रात को हल्की फुहारें पड़ सकती हैं।

उत्तराखंड में फिर बदल सकता है मौसम का मिजाज, देवताल झील बर्फ में तब्दील, जानें मौसम विभाग का ताज़ा अपडेट

IMD के अनुसार, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के कारण है, जो उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों से होते हुए मैदानी इलाकों की ओर बढ़ रहा है। आने वाले दो दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने और कभी-कभी हल्की बारिश की स्थिति बनी रह सकती है।

यूपी-बिहार में तापमान गिरेगा

उत्तर प्रदेश और बिहार में भी मौसम का रुख बदलने लगा है। यूपी के कई जिलों में सुबह धुंध और हल्के कोहरे का असर देखने को मिला। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 30 से 31 अक्टूबर के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, अगले चार से पांच दिनों में पूरे प्रदेश में तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे ठंड बढ़ जाएगी।

वहीं बिहार में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन कल से वहां झमाझम बारिश शुरू हो सकती है। पटना, गया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और भागलपुर में अगले 24 घंटे में हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं। बिहार में आज अधिकतम तापमान 32°C और न्यूनतम 20°C तक जा सकता है, लेकिन कल के बाद इसमें गिरावट देखी जाएगी।

मुंबई में येलो अलर्ट जारी

महाराष्ट्र में भी मौसम ने करवट ली है। मुंबई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने 27 से 29 अक्टूबर के बीच नांदेड़ और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी है।

इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। प्रशासन ने कहा है कि समुद्र तटों और खुले इलाकों में अनावश्यक रूप से जाने से बचें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।

राजस्थान में भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी

राजस्थान में भी आज चक्रवात का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों जैसे उदयपुर, कोटा, अजमेर, जोधपुर, जयपुर और भरतपुर संभाग में 26 से 29 अक्टूबर के बीच गरज के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

27 और 28 अक्टूबर को कुछ जिलों में बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी खतरा बताया गया है। विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे फसलों को सुरक्षित रखें और खुले में काम करने से बचें।

दिल्ली में फिर हिला देने वाला एसिड अटैक, DU छात्रा पर हमला; पढ़ें पूरी खबर

देशभर में ठंड बढ़ने की शुरुआत

पश्चिमी विक्षोभ और बारिश के चलते आने वाले दिनों में उत्तर भारत में ठंड की शुरुआत मानी जा रही है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट संभव है।

विशेषज्ञों का कहना है कि नवंबर के पहले सप्ताह से देश के अधिकांश उत्तरी हिस्सों में ठंड का असर तेज़ महसूस होगा। वहीं दक्षिण भारत में अब भी आर्द्रता बनी रहेगी, लेकिन मानसूनी बारिश का दौर लगभग खत्म हो चुका है।

Exit mobile version