हिंदी
उड़ान से पहले स्पाइसजेट फ्लाइट में बवाल
New Delhi: राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (IGI) से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 9282 में उस वक्त हड़कंप मच गया जब दो महिला यात्रियों के बीच अचानक लड़ाई छिड़ गई। मामला इतना बिगड़ गया कि दोनों महिलाओं ने न सिर्फ एक-दूसरे से हाथापाई शुरू कर दी, बल्कि कॉकपिट तक पहुंचने की कोशिश की और दरवाजा पीटने लगीं। पायलट को मजबूरी में विमान को टेकऑफ से पहले ही वापस दिल्ली एयरपोर्ट पर लाना पड़ा।
14 जुलाई, सोमवार को हुई इस घटना में स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 9282 दिल्ली से मुंबई के लिए उड़ान भरने को तैयार थी। विमान रनवे की ओर बढ़ रहा था तभी दो महिला पैसेंजर्स के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई, जो कुछ ही मिनटों में तीखी बहस से हाथापाई में बदल गई। विमान में मौजूद अन्य यात्रियों और केबिन क्रू ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन दोनों महिलाएं बेकाबू रहीं।
स्थिति तब गंभीर हो गई जब महिलाओं ने कॉकपिट का दरवाजा पीटना शुरू कर दिया। यह उड़ान के सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन माना जाता है। कैप्टन ने तत्काल हालात की गंभीरता को देखते हुए सभी यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी और विमान को दिल्ली एयरपोर्ट पर वापस मोड़ने का फैसला किया।
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
महिलाओं की इस हरकत से फ्लाइट में बैठे यात्रियों में भय और घबराहट का माहौल बन गया। क्रू मेंबर्स और सहयात्रियों ने स्थिति को काबू में करने की भरसक कोशिश की, लेकिन जब कॉकपिट के साथ छेड़छाड़ की कोशिश हुई, तो मामला एयर सेफ्टी से जुड़ गया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए पायलट ने दिल्ली एटीसी से संपर्क कर वापस लौटने की अनुमति मांगी।
विमान के लौटते ही दोनों महिलाओं को विमान से उतारकर सीआईएसएफ (CISF) को सौंप दिया गया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद उन्हें हवाईअड्डा पुलिस के हवाले कर दिया गया। फिलहाल उनके खिलाफ एयरक्राफ्ट रूल्स के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, 14 जुलाई को दिल्ली-मुंबई फ्लाइट SG 9282 में दो यात्रियों ने उड़ान से पहले हंगामा किया और कॉकपिट खोलने की कोशिश की। केबिन क्रू, कैप्टन और सहयात्रियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने किसी की नहीं सुनी। सुरक्षा कारणों से फ्लाइट को लौटाया गया और दोनों महिलाओं को सुरक्षा एजेंसियों को सौंप दिया गया।
महिलाओं को फ्लाइट से उतारने और आवश्यक सुरक्षा प्रक्रिया पूरी करने के बाद स्पाइसजेट की उड़ान SG 9282 ने दोबारा मुंबई के लिए उड़ान भरी। यात्रियों को असुविधा जरूर हुई, लेकिन किसी की सुरक्षा से समझौता नहीं किया गया।
Location : New Delhi
Published : 15 July 2025, 1:07 PM IST
Topics : CISF Intervention Flight Drama Flight Returns to Delhi New Delhi Passenger Misconduct SpiceJet Flight