हिंदी
महिला आयोग अध्यक्ष रुपाली चाकणकर (Image Source: Google)
Mumbai: महाराष्ट्र के नासिक में फर्जी बाबा और स्वयंभू ज्योतिषी अशोक खरात से जुड़े रेप केस ने अब बड़ा राजनीतिक मोड़ ले लिया है। बढ़ते विवाद और विपक्ष की तीखी आलोचना के बीच महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रुपाली निलेश चाकणकर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार को उनकी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात हुई, जिसके बाद यह घटनाक्रम सामने आया। हालांकि सरकार की ओर से इस्तीफे पर अंतिम आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है, लेकिन इस फैसले ने महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल और तेज कर दी है। आरोपी अशोक खरात के साथ चाकणकर की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद उन पर लगातार सवाल उठ रहे थे।
मुख्यमंत्री को संबोधित अपने इस्तीफे में रुपाली चाकणकर ने लिखा कि उन्हें 15 अक्टूबर 2024 को महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष नियुक्त किया गया था, लेकिन अब वह व्यक्तिगत कारणों से स्वेच्छा से पद छोड़ रही हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मुख्यमंत्री से मिले सहयोग और विश्वास के लिए आभार भी जताया है। पत्र में उन्होंने अनुरोध किया है कि उनका इस्तीफा स्वीकार किया जाए। इस बीच राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि नासिक ज्योतिषी कांड पर बढ़ते दबाव के बाद यह इस्तीफा लिया गया। विपक्ष पहले ही उन्हें पद से हटाने की मांग कर रहा था।
UP Crime: गोरखपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई…टोल बचाने के खेल पर पुलिस का बड़ा वार, जानें पूरी खबर?
पुलिस के अनुसार, अशोक खरात खुद को प्रभावशाली ज्योतिषी और कैप्टन बताकर लोगों का भरोसा जीतता था। एक महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि खरात ने उसे भविष्य और पति की जान को खतरा बताकर डराया, नशीला पेय पिलाया और नवंबर 2022 से दिसंबर 2025 के बीच कई बार दुष्कर्म किया। जांच में एक पिस्तौल और कम से कम 58 आपत्तिजनक वीडियो मिलने की बात भी सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि इस मामले में और भी पीड़ित सामने आ सकते हैं। अदालत ने खरात को 24 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेजा है।
LPG Gas Cylinder Rule: बुकिंग के कितने दिन बाद मिल सकेगा सिलेंडर,जानिये नए नियमों के बारे में
मामले की गंभीरता को देखते हुए SIT जांच शुरू की गई है। रिपोर्टों के मुताबिक, इस जांच का नेतृत्व वरिष्ठ अधिकारी तेजस्वी सातपुते कर रही हैं। महिला आयोग की ओर से भी पुलिस को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच, पीड़ितों की पहचान गोपनीय रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है। दूसरी तरफ, विपक्ष ने आरोपी के कथित राजनीतिक संबंधों और उसे मिले संरक्षण पर सवाल उठाए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों और वीडियो ने विवाद को और भड़का दिया है। अब यह मामला केवल एक आपराधिक जांच तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सत्ता, प्रभाव, महिला सुरक्षा और संस्थागत जवाबदेही की बड़ी परीक्षा बन गया है।
Location : Mumbai
Published : 20 March 2026, 10:48 PM IST
Topics : CM Devendra Fadnavis Maharashtra Women Commission Nashik Astrologer Scandal Case Rupali Chakankar Resigned
No related posts found.