हिंदी
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान
Mumbai: मुंबई स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) बॉम्बे में एक सेकेंड ईयर के छात्र की आत्महत्या से कैंपस में तनाव का माहौल है। छात्र एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में पढ़ रहा था। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को परीक्षा के बाद छात्र अपने हॉस्टल कमरे में गया, जहां वह फंदे से लटका मिला।
घटना के बाद बड़ी संख्या में छात्रों ने कैंपस में प्रदर्शन किया और प्रशासन से जवाब मांगा। यह IIT बॉम्बे परिसर में पिछले सात महीनों में आत्महत्या का तीसरा मामला बताया जा रहा है।
IIT बॉम्बे के अनुसार, छात्र को परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था। संस्थान ने बताया कि छात्र ने कथित तौर पर क्वेश्चन पेपर को ChatGPT पर अपलोड किया था।
हालांकि, संस्थान के मुताबिक इस मामले में छात्र के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। पुलिस के अनुसार, परीक्षा शाम करीब 4 बजे खत्म हुई थी, जिसके बाद छात्र अपने हॉस्टल कमरे में चला गया।
छात्र का शव हॉस्टल कमरे में मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए राजावाड़ी अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
IIT बॉम्बे कैंपस में वर्ष 2026 में अब तक आत्महत्या के तीन मामले सामने आ चुके हैं।
छात्र की मौत के बाद 400 से ज्यादा छात्रों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने संस्थान से मानसिक स्वास्थ्य और अकादमिक दबाव से जुड़े मुद्दों पर कदम उठाने की मांग की।
बाद में IIT बॉम्बे के निदेशक प्रो. शिरीष केदारे ने छात्रों से मुलाकात की। छात्रों के विरोध के बाद चल रही मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं स्थगित कर दी गईं।
IIT बॉम्बे ने छात्र की मौत पर दुख जताते हुए कहा कि संस्थान छात्र के दोस्तों, फैकल्टी सदस्यों और घटना से प्रभावित लोगों को सहायता उपलब्ध करा रहा है।
संस्थान में छात्रों के मानसिक तनाव को दूर करने के लिए स्टूडेंट वेलनेस सेंटर (SWC) संचालित है, जहां छात्र काउंसलिंग और भावनात्मक सहायता ले सकते हैं।
संस्थान ने छात्रों से अपील की है कि तनाव, चिंता या किसी भी मानसिक परेशानी की स्थिति में मदद लेने से न हिचकें।
Location : Mumbai
Published : 19 September 2026, 9:10 AM IST