
नवरात्रि स्पेशल फलाहारी मिक्चर (Img- AI)
New Delhi: नवरात्रि का पावन पर्व शुरू होते ही हम सब व्रत की तैयारियों में जुट जाते हैं। पूजा-पाठ के बीच शाम होते-होते हल्की भूख और चाय के साथ कुछ कुरकुरा खाने की तलब होना बेहद स्वाभाविक है। आमतौर पर लोग इसके लिए बाजार से पैकेट बंद फलाहारी नमकीन खरीद लाते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि हफ्तों पुरानी यह पैकेट बंद नमकीन सेहत के लिए कितनी सही है? इसमें न तो शुद्धता की गारंटी होती है और दाम भी काफी ज्यादा होते हैं।
इस नवरात्रि आपको बाजार के महंगे और मिलावटी पैकेट्स पर निर्भर रहने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। नवरात्रि के पहले ही दिन आप बेहद कम खर्च में और सिर्फ 10 मिनट की मेहनत से घर पर ही साबूदाना और मूंगफली का टेस्टी मिक्चर तैयार कर सकते हैं।
घर का बना यह फलाहारी मिक्चर स्वाद में तो बाजार की नमकीन को फेल करता ही है, साथ ही यह आपको दिनभर ऊर्जावान बनाए रखता है। बड़े साबूदाने (नायलॉन साबूदाना), भुनी मूंगफली और मखाने का यह मेल शरीर को प्रोटीन और फाइबर देता है, जिससे व्रत के दौरान बार-बार भूख नहीं लगती और कमजोरी महसूस नहीं होती।
1. बड़ा नॉयलन साबूदाना: 1 कप
2. कच्ची मूंगफली: 1/2 कप
3. मखाने: 1 कप
4. कढ़ी पत्ते: 8-10
5. हरी मिर्च: 2 (बारीक कटी)
6. सेंधा नमक: 1 छोटा चम्मच
7. काली मिर्च पाउडर: 1/2 छोटा चम्मच
8. भुना जीरा पाउडर: 1/2 छोटा चम्मच
9. पिसी चीनी (ऑप्शनल): 1/2 छोटा चम्मच (खट्टा-मीठा स्वाद देने के लिए)
10. तलने के लिए: देसी घी या मूंगफली का तेल
1. साबूदाना तलने का तरीका: कड़ाही में तेल या घी को अच्छा तेज गर्म करें। अब साबूदाने को सीधा तेल में डालने के बजाय एक धातु की छलनी में रखें और छलनी को गर्म तेल में डुबोएं। साबूदाना तुरंत फूलकर दोगुना हो जाएगा और छलनी की मदद से इसे निकालना भी आसान रहेगा।
2. मूंगफली और मखाने: धीमी आंच पर मूंगफली को सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तलें। इसके बाद मखाने को भी हल्का फ्राई कर लें।
3. चटपटा तड़का: 1 चम्मच घी में कढ़ी पत्ता और हरी मिर्च को क्रिस्पी होने तक भूनें।
4. मसालों का मिक्स: एक बड़े बर्तन में साबूदाना, मूंगफली, मखाने और तड़का मिलाएं। ऊपर से सेंधा नमक, काली मिर्च, जीरा पाउडर और पिसी चीनी डालकर अच्छी तरह टॉस करें।
इसे बनाने के बाद पूरी तरह ठंडा होने दें। ठंडा होने के बाद इसे एक साफ और सूखे एयरटाइट डिब्बे में बंद करके रख दें। यह मिक्चर पूरे एक महीने तक न तो सीलेगा और न ही इसका क्रिस्पी स्वाद कम होगा।
Location : New Delhi
Published : 9 October 2026, 1:37 PM IST