हिंदी
पटना में दरोगा भर्ती परीक्षा रद्द होने के खिलाफ प्रदर्शन
Patna News: बिहार में 1799 पदों वाली दरोगा भर्ती की मुख्य परीक्षा का रिजल्ट रद्द किए जाने के विरोध में सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को हजारों अभ्यर्थी पटना की सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया बहाल करने और आगे की चयन प्रक्रिया शुरू करने की मांग कर रहे हैं।
परीक्षा में सफल हुए अभ्यर्थियों का आरोप है कि रिजल्ट रद्द किए जाने से उन उम्मीदवारों को नुकसान हो रहा है, जिन्होंने पूरी मेहनत के साथ परीक्षा पास की थी।
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने गड़बड़ियों और धांधली के आरोपों के बाद 23 सितंबर 2026 को मुख्य परीक्षा का रिजल्ट रद्द कर दिया था। इसके बाद परीक्षा में सफल 10,789 अभ्यर्थी पिछले सात दिनों से पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर प्रदर्शन कर रहे थे।
अभ्यर्थियों का कहना है कि लगातार धरना देने के बावजूद सरकार की ओर से उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद सोमवार को उन्होंने सड़क पर उतरकर विरोध जताने का फैसला किया।
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि मुख्य परीक्षा का रिजल्ट रद्द करने का फैसला वापस लिया जाए। उनका कहना है कि कथित गड़बड़ी के लिए मेहनत करके परीक्षा पास करने वाले सभी अभ्यर्थियों को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए।
अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया को दोबारा बहाल करने के साथ-साथ फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) की तारीख जल्द घोषित करने की मांग कर रहे हैं। साथ ही 1799 पदों वाली दरोगा भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के साथ अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि उनकी शिकायतों पर सरकार और BPSSC की ओर से स्पष्ट जवाब दिया जाए।
ये भी पढ़ें: Punjab CMO Corruption Case: भगवंत मान के CMO पर लगे गंभीर आरोप, HC ने CBI को सौंपी जांच
सफल अभ्यर्थियों ने पटना के गांधी मैदान के गेट नंबर-10 से मार्च शुरू किया। प्रदर्शनकारी लोक सेवक आवास यानी मुख्यमंत्री आवास और BPSSC कार्यालय का घेराव करने के लिए आगे बढ़े।
प्रदर्शनकारियों की बड़ी संख्या को देखते हुए प्रशासन ने जेपी गोलंबर, डाकबंगला चौराहा और गांधी मैदान के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। प्रमुख रास्तों पर लोहे की शील्ड, कंटीले तार और भारी बैरिकेडिंग लगाई गई।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब आक्रोशित अभ्यर्थी डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़ने लगे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
ये भी पढ़ें: ताजमहल पर बढ़ेगी सुरक्षा की तीसरी आंख, 90 हाईटेक कैमरे बताएंगे आसपास की हर हलचल; 2.10 करोड़ होंगे खर्च
Location : Patna
Published : 5 October 2026, 2:39 PM IST