हिंदी
हादसे के बाद मौके पर लगी भीड़ (सोर्स: डाइनामाइट न्यूज़)
Jharkhand News: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में गुरुवार का दिन मातम में बदल गया, जब एक मामूली सी मस्ती दो स्कूली छात्रों के लिए मौत का कारण बन गई। आसंगी चेक डैम में नहाने उतरे दो दोस्तों की डूबकर दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। चीख-पुकार, अफरा-तफरी और फिर सन्नाटा। इस हादसे ने हर किसी की आंखें नम कर दी।
मिली जानकारी के मुताबिक, सेंट्रल पब्लिक स्कूल (CPS) आदित्यपुर के नौवीं कक्षा के तीन छात्र स्कूल के दौरान ही क्लास छोड़कर आसंगी चेक डैम पर नहाने चले गए। शुरुआत में सब सामान्य था, लेकिन जैसे ही रौनक भारद्वाज और गॉडविन थॉमस पानी में उतरे, उन्हें डैम की गहराई और तेज बहाव का अंदाजा नहीं हुआ और देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में समा गए।
9 अप्रैल को बैंक बंद या खुलेंगे? RBI के फैसले ने ग्राहकों को किया कंफ्यूज, जानिए आपके शहर का हाल
मौके पर मौजूद उनके साथी प्रशांत कुमार ने बताया कि वह पानी लेने के लिए कुछ दूर गया था। इसी दौरान अचानक शोर और चीख सुनाई दी। जब वह दौड़कर वापस आया, तब तक दोनों दोस्त पानी में लापता हो चुके थे। उसने तुरंत आसपास के लोगों को जानकारी दी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना प्रभारी संजीव सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों छात्रों के शव पानी से बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जैसे ही यह खबर दोनों छात्रों के घर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवार और सन्न रह गए पड़ोसी हर कोई इस हादसे से स्तब्ध है। पूरे आदित्यपुर में शोक की लहर दौड़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आसंगी चेक डैम काफी खतरनाक है, इसके बावजूद यहां न तो पर्याप्त चेतावनी बोर्ड लगे हैं और न ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। बच्चे अक्सर यहां नहाने आते हैं, जिससे इस तरह के हादसों का खतरा बना रहता है। अब इस घटना के बाद प्रशासन की लापरवाही पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
Location : Jharkhand
Published : 9 April 2026, 4:49 PM IST
Topics : crime news Jharkhand News Seraikela News