हिंदी
मेक्सिको की फातिमा बोश फर्नांडेज ने मिस यूनिवर्स 2025 का ताज अपने नाम कर लिया। विवादों, बुलिंग और निजी संघर्षों से भरी उनकी यात्रा कई लड़कियों के लिए प्रेरणा बनी। भारत की मणिका विश्वकर्मा टॉप-30 तक पहुंचीं, लेकिन आगे नहीं बढ़ सकीं। प्रतियोगिता में थाइलैंड और वेनेजुएला की भी दमदार दावेदार रहीं।
मिस यूनिवर्स 2025 की विजेता फातिमा बोश फर्नांडेज
Thailand: दुनियाभर में प्रतिष्ठित सुंदरता प्रतियोगिता मिस यूनिवर्स 2025 का ताज इस बार मेक्सिको की फातिमा बोश फर्नांडेज के नाम रहा। 25 वर्षीय फातिमा ने न सिर्फ अपनी खूबसूरती बल्कि अपने आत्मविश्वास, सामाजिक दृष्टि और प्रेरणादायक कहानी से जजों और दर्शकों का दिल जीत लिया। भारत की प्रतिनिधि मणिका विश्वकर्मा टॉप-30 तक पहुंचीं, लेकिन टॉप-12 में जगह नहीं बना सकीं।
चार कठिन राउंड के बाद टॉप-5 में थाइलैंड की प्रवीनार सिंह, फिलीपींस की आतिसा मनालो, वेनेजुएला की स्टेफनी अबसाली, आइवरी कोस्ट की ओलिविया यासे और मेक्सिको की फातिमा बोश शामिल हुईं। अंतिम चरण में अपनी गूढ़, संवेदनशील और बेहद प्रभावी सोच के कारण फातिमा ने सभी को पीछे छोड़ दिया।
मिस यूनिवर्स 2025 में थाइलैंड की प्रवीनार सिंह उपविजेता रहीं, जबकि तीसरे स्थान पर वेनेजुएला की स्टेफनी अबसाली रहीं। फिलीपींस की आतिसा मनालो चौथे और आइवरी कोस्ट की ओलिविया यासे पांचवें स्थान पर रहीं।
फातिमा बोश का सफर बिल्कुल आसान नहीं था। उन्होंने इंटरव्यू में बताया कि बचपन में डिस्लेक्सिया और ADHD के कारण उन्हें पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। स्कूल में उन्हें कई बार बुली किया गया, मजाक उड़ाया गया और ‘अयोग्य’ तक कहा गया। लेकिन इसी संघर्ष ने उन्हें मजबूत बनाया। उन्होंने कहा कि चुनौतियां अगर साहस से स्वीकार की जाएं, तो वही इंसान के लिए सबसे बड़ी ताकत बन जाती हैं।
फातिमा बोश फर्नांडेज (Img: Google)
टॉप-5 में पूछे गए सवाल ने इस प्रतियोगिता को निर्णायक मोड़ दिया। उनसे पूछा गया कि “2025 में एक महिला होने की सबसे बड़ी चुनौती क्या है और आप मिस यूनिवर्स बनकर महिलाओं के लिए सुरक्षित स्थान कैसे तैयार करेंगी?” इस पर फातिमा ने जवाब दिया, “एक महिला और मिस यूनिवर्स के रूप में, मैं अपनी आवाज और शक्ति का उपयोग दूसरों की सेवा में करूंगी। आज हम बदलाव लाने और समाज को साफ नजरिए से देखने के लिए खड़े हैं। बहादुर महिलाएं ही इतिहास लिखती हैं।” उनके इस आत्मविश्वासभरे जवाब ने दर्शकों और जजों का दिल जीत लिया।
गौरतलब है कि फिनाले से पहले 4 नवंबर को फातिमा विवादों में घिर गई थीं। थाइलैंड के डायरेक्टर नवात इतसराग्रिसिल ने उन्हें प्रमोशनल इवेंट में न आने पर “डंबहेड” कहा। विरोध करने पर नवात ने सिक्योरिटी बुलाकर उन्हें बाहर करने की धमकी दी। यह देख अन्य कंटेस्टेंट्स, जिनमें मिस यूनिवर्स 2024 विक्टोरिया थेलविग भी शामिल थीं, फातिमा के समर्थन में सेरेमनी छोड़कर बाहर निकल गईं। वीडियो वायरल होने के बाद प्रतियोगिता आयोजकों ने नवात को आधिकारिक गतिविधियों से हटा दिया। बाद में उन्होंने सभी से माफी मांगी।
भारत की मणिका विश्वकर्मा
मुंबई में ड्रग्स रैकेट पर शिकंजा: ओरी को ANC ने भेजा समन, जांच में आया नया मोड़
फिनाले की शुरुआत में मणिका ने शानदार व्हाइट गाउन में प्रस्तुति दी और टॉप-30 में अपनी जगह सुनिश्चित की। स्विमसूट राउंड में भी उन्होंने आत्मविश्वास भरा प्रदर्शन किया। हालांकि वे टॉप-12 में जगह नहीं बना सकीं, लेकिन उनका मंच पर आत्मविश्वास और व्यक्तित्व भारत के लिए गर्व का विषय रहा।