हिंदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Img: X)
New Delhi: प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना पूरा करने के लिए सात अहम क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इनमें मैन्युफैक्चरिंग, ऊर्जा, कृषि एवं फूड प्रोसेसिंग, तकनीक और इनोवेशन, गति शक्ति, रक्षा क्षमता, ग्रीन व ब्लू इकोनॉमी तथा भारत की सॉफ्ट पावर को मजबूत करना शामिल है। उनका कहना था कि इन क्षेत्रों में तेज़ी से काम होने से देश आर्थिक और रणनीतिक रूप से अधिक मजबूत बनेगा।
प्रधानमंत्री ने संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से इस दिशा में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत बनेगा।
यह भी पढ़ें: Independence Day 2026: पीएम मोदी, अखिलेश यादव और CM योगी समेत कई दिग्गजों ने देशवासियों को खास अंदाज में दी बधाई
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने युवाओं के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने और अगले एक वर्ष में एक करोड़ युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी स्किल ट्रेनिंग देने की घोषणा की। उन्होंने युवाओं से देश के विकास में नेतृत्व की भूमिका निभाने का भी आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में वैश्विक केंद्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने आधुनिक रक्षा तकनीक विकसित करने, सेमीकंडक्टर निर्माण को बढ़ावा देने और 2047 तक 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा क्षमता विकसित करने की योजना का भी उल्लेख किया। साथ ही ऊर्जा और खनिज संसाधनों में आत्मनिर्भर बनने की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सुरक्षा बलों के प्रयासों से देश नक्सलवाद की बड़ी चुनौती से बाहर निकला है, लेकिन वैचारिक रूप से देश विरोधी सोच से सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने और मुख्यधारा से जुड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने हाई-स्पीड रेल, आधुनिक हाईवे, एयरपोर्ट, इनलैंड वॉटरवे और मल्टी-मोडल लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को मजबूत बनाने की बात कही। साथ ही भारत को AI, क्वांटम टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, स्पेस टेक्नोलॉजी और मेड-इन-इंडिया 6G जैसी आधुनिक तकनीकों में वैश्विक नेतृत्व दिलाने का लक्ष्य भी सामने रखा।
यह भी पढ़ें: 80th Independence Day 2026 LIVE: 76 मिनट के भाषण में PM मोदी ने दिखाया 2047 के भारत का विजन
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब सरकार, उद्योग, किसान, युवा और आम नागरिक मिलकर सामूहिक प्रयास करेंगे।
Location : New Delhi
Published : 16 August 2026, 11:19 AM IST
Topics : 15 August Independence Day 2026 PM Modi