
अस्पताल परिसर में अचानक उठीं आग की लपटें (IMG: Dynamite News)
Maharajganj: महराजगंज के जिला अस्पताल परिसर में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब युवती ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। देखते ही देखते युवती आग की लपटों से घिर गई और मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल में इलाज कराने आए मरीज और उनके तीमारदार कुछ पल के लिए सहम गए। हालांकि, युवती को जलता देख वहां मौजूद लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बिना उसे बचाने के लिए दौड़ लगा दी।
जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार को पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे की है। महराजगंज जिला अस्पताल परिसर में रोज की तरह मरीजों और तीमारदारों की आवाजाही जारी थी। इसी दौरान अचानक एक युवती ने कथित तौर पर अपने शरीर पर पेट्रोल डाल लिया और खुद को आग लगा ली। देखते ही देखते उसके शरीर से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। अचानक हुई इस घटना को देखकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए।
युवती को आग की लपटों से घिरा देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाई। बिना देर किए उसे बचाने की कोशिश शुरू कर दी गई। लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और युवती को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को कुछ समझने का मौका नहीं मिला। अगर मौके पर मौजूद लोग समय रहते मदद के लिए आगे नहीं आते तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी।
अस्पताल परिसर में अचानक उठीं आग की लपटें (IMG: Dynamite News)
घटना में झुलसी युवती की पहचान सुनीता के रूप में बताई जा रही है। वह महराजगंज जिले के ठूठीबारी क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुनीता पिछले करीब छह महीनों से जिला अस्पताल के आसपास ही रह रही थी। बताया जाता है कि वह लोगों से मांगकर अपना पेट भरती थी। अस्पताल परिसर और आसपास के लोगों के बीच उसकी मौजूदगी पहले से थी।
स्थानीय लोगों के बीच युवती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात भी कही जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक किसी आधिकारिक स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में उसकी मानसिक स्थिति को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवती ने आखिर किन परिस्थितियों में खुद को आग लगाई। क्या वह किसी पारिवारिक परेशानी से गुजर रही थी, किसी अन्य समस्या से परेशान थी या घटना के पीछे कोई दूसरी वजह थी? इन सभी सवालों के जवाब सामने आना बाकी है।
Location : Maharajganj
Published : 23 November 2026, 1:23 PM IST
Topics : crime news Maharajganj District Hospital Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) maharajganj police UP Police