
नाला निर्माण के दौरान मिट्टी की ढाय गिरी (IMG: Dynamite News)
Agra: आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर नाला निर्माण के दौरान अचानक मिट्टी की ढाय गिरने से बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य में जुटे तीन मजदूर मिट्टी के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से तीनों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीसरे मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा सिकंदरा औद्योगिक क्षेत्र में सब्जी मंडी के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के बगल में हुआ। यहां नाला निर्माण का काम चल रहा था और कई मजदूर निर्माण कार्य में जुटे हुए थे। बताया गया है कि सोमवार दोपहर मजदूर नाले की दीवार बनाने के लिए शटरिंग की प्लेट की वेल्डिंग कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी की ढाय भरभराकर नीचे गिर गई। वहां काम कर रहे तीन मजदूर इसकी चपेट में आकर मिट्टी के नीचे दब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और वहां मौजूद लोगों ने राहत और बचाव का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीनों मजदूरों को मिट्टी के नीचे से बाहर निकाला गया। पुलिस के मुताबिक, हादसे में अनुज पुत्र जयपाल, विकास पुत्र राजेंद्र और सुशील मिट्टी के नीचे दब गए थे। अनुज की उम्र करीब 30 वर्ष और विकास की उम्र करीब 22 वर्ष बताई गई है। तीनों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने विकास और सुशील को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अनुज की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में गंभीर रूप से घायल अनुज ठेकेदार है। वह अपने साथ करीब सात मजदूरों को लेकर नाला निर्माण के काम में जुटा था। हादसे के समय मजदूर नाले की दीवार तैयार करने के लिए शटरिंग प्लेट की वेल्डिंग कर रहे थे। इसी दौरान मिट्टी की ढाय गिरने से तीन लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में दो मजदूरों की मौत के बाद उनके परिवारों में मातम छा गया है।
आगरा में ताजमहल के पास बम की धमकी, रिसॉर्ट खाली कराया, BDS और डॉग स्क्वॉड ने खंगाला पूरा परिसर
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ और निर्माण स्थल पर सुरक्षा के क्या इंतजाम थे, इसकी भी जांच की जा रही है। नाला निर्माण के दौरान मिट्टी की ढाय गिरने से हुए इस हादसे ने निर्माण स्थलों पर मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Location : Agra
Published : 21 September 2026, 4:05 PM IST