जंगल में मिला खौफनाक मंजर: पेड़ से लटकी महिला, नीचे पड़े देवर और बच्ची के शव

बुलंदशहर के खुर्जा में रेलवे ट्रैक के पास जंगल में एक महिला, उसके देवर और पांच साल की बच्ची के शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला का शव पेड़ से लटका मिला, जबकि देवर और बच्ची के शव जमीन पर पड़े थे। मौके पर चिप्स, कोल्ड ड्रिंक और टूटे मोबाइल मिलने से मामला और रहस्यमय हो गया है।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 13 March 2026, 1:40 PM IST

Bulandshahr: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा इलाके में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब रेलवे ट्रैक के पास जंगल में एक ही परिवार के तीन लोगों के शव मिलने की खबर सामने आई। पेड़ से रस्सी के फंदे पर लटकी महिला और नीचे जमीन पर पड़े उसके देवर और पांच साल की मासूम बच्ची के शव देखकर इलाके में हड़कंप मच गया।

मौके पर बिखरे चिप्स के पैकेट, कोल्ड ड्रिंक की बोतल, पानी की बोतल और टूटे मोबाइल फोन इस रहस्यमय मौत की कहानी को और उलझा रहे हैं। पुलिस इसे पहली नजर में आत्महत्या मान रही है, लेकिन महिला का पति फरार होने के कारण हत्या की आशंका भी गहराती जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

रेलवे ट्रैक किनारे मिला खौफनाक मंजर

घटना खुर्जा क्षेत्र के नेहरूपुर गांव के पास की है। शुक्रवार सुबह रेलवे विभाग के कीमैन को रेलवे लाइन के किनारे खेतों के पास एक पेड़ के नीचे दो शव दिखाई दिए। पास जाकर देखा तो मामला बेहद गंभीर था। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां का दृश्य देखकर सभी दंग रह गए।

पेड़ के नीचे एक युवक और पांच साल की बच्ची का शव पड़ा था, जबकि उसी पेड़ पर एक महिला का शव रस्सी के फंदे से लटका हुआ था।मृतकों की पहचान 28 वर्षीय सरल सरकार, उसकी भाभी 32 वर्षीय देवी सरकार और पांच साल की बच्ची सावंती के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बच्ची सावंती देवी सरकार की बेटी थी और सरल सरकार उसका चाचा था।

बेरोजगार होने का ताना…बेटे ने ही कर दिया बाप के साथ बड़ा कांड; बुलंदशहर में वारदात से सनसनी

घटनास्थल पर मिलीं कई चीजें

पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां कई ऐसी चीजें मिलीं, जिन्होंने पूरे मामले को और रहस्यमय बना दिया। घटनास्थल पर दो अलग-अलग जगहों से सात चिप्स के पैकेट, एक कोल्ड ड्रिंक की बोतल, पानी की बोतल, एक पराठा और एक सेब मिला।

इसके अलावा मृतकों के दो मोबाइल फोन भी मौके पर पड़े मिले, जो पूरी तरह टूटे हुए थे। पुलिस इन मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर उनकी जांच कर रही है। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जमीन पर पड़े युवक और बच्ची के शव की गर्दन पर भी रस्सी के निशान मिले हैं। वहीं महिला का शव पेड़ से लटका हुआ मिला।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अधिकारी

घटना की जानकारी मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। SSP दिनेश कुमार सिंह, एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह, सीओ खुर्जा शोभित कुमार समेत खुर्जा नगर और खुर्जा देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह रेलवे के कीमैन ने पुलिस को सूचना दी थी कि खेत के किनारे पेड़ के नीचे शव पड़े हुए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

UP Crime News: बुलंदशहर में पूर्व विधायक के भतीजे की पीट-पीटकर हत्या, कई थानों की फोर्स तैनात

पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे मृतक

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे। देवी सरकार पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले के पूर्वा मल्लापूरा गांव की निवासी थी। वह अपने पति अपीश्वर के साथ खुर्जा की एक पॉटरी फैक्ट्री में मजदूरी करती थी। वहीं उसका देवर सरल सरकार भी खुर्जा की एक दूसरी पॉटरी यूनिट में मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि पूरा परिवार काम की तलाश में पश्चिम बंगाल से खुर्जा आकर रहने लगा था और मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रहा था।

पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना के बाद पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि खेत के किनारे मिले युवक, महिला और बच्ची के शव के मामले में पुलिस टीम कई एंगल से जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले सामान और मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Location : 
  • Bulandshahr

Published : 
  • 13 March 2026, 1:40 PM IST