देवघर के चरकी पहाड़ी स्थित बाल सुधार गृह में 19 फरवरी को हुई किशोरी आंचल कुमारी की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन जहां इसे आत्महत्या बता रहा है, वहीं परिजन इसे साजिशन हत्या बताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं। मामले को लेकर जांच जारी है।

मृतक लड़की का फाइल फोटो और बाल सुधार गृह सह रिहैबिलिटेशन सेंटर
Deoghar (Jharkhand): देवघर के चरकी पहाड़ी स्थित बाल सुधार गृह की ऊंची दीवारों के भीतर आखिर क्या चल रहा है? 19 फरवरी की रात एक किशोरी की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन इसे आत्महत्या बता रहा है, लेकिन परिवार का आरोप है कि यह साधारण मामला नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या हो सकती है। बेटी की मौत के बाद परिजन न्याय की उम्मीद में लगातार थाना और एसपी कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं और पूछ रहे हैं कि अगर यह सुधार गृह है तो यहां लड़कियों की सुरक्षा आखिर क्यों नहीं हो पा रही है।
देवघर बाल सुधार गृह में किशोरी की मौत से उठा विवाद
देवघर के चरकी पहाड़ी स्थित बाल सुधार गृह सह रिहैबिलिटेशन सेंटर में 19 फरवरी को हुई किशोरी आंचल कुमारी की मौत का मामला अब भी चर्चा में बना हुआ है। घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद मृतका के परिजन न्याय की मांग को लेकर प्रशासनिक दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं। उनका साफ कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित तरीके से की गई हत्या है और इसकी निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
खबरों की विश्वसनीयता डिजिटल मीडिया का पहला उद्देश्य होना चाहिये: धर्मेंद्र यादव
19 फरवरी की रात को आखिर क्या हुआ?
जानकारी के मुताबिक, 19 फरवरी की देर रात बाल सुधार गृह में रह रही आंचल कुमारी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद प्रशासन की ओर से इसे आत्महत्या बताया गया, लेकिन मृतका के परिवार का कहना है कि उनकी बेटी ऐसा कदम नहीं उठा सकती थी। परिवार को शक है कि इस घटना के पीछे कोई बड़ा सच छिपा हो सकता है।
बड़ी बहन ने खोली पोल
मृतका की बड़ी बहन दीपाली ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चाइल्ड होम के अंदर का माहौल सामान्य नहीं है। उनके मुताबिक, उनकी बहन ने फोन पर बताया था कि वहां पहले भी कई लड़कियों की मौत हो चुकी है। दीपाली का कहना है कि पिछले एक महीने के भीतर चार लड़कियों की मौत होने की बात आंचल ने खुद उन्हें बताई थी, जिससे वह काफी डर गई थी।
मौत से पहले क्या थे आंचल के अंतिम शब्द?
परिजनों के अनुसार 17 फरवरी 2026 को आंचल ने चाइल्ड होम से अपनी मां और बहन को फोन किया था। उस बातचीत के दौरान वह काफी डरी और सहमी हुई लग रही थी। उसने बताया था कि वहां पहले ही दो लड़कियों की मौत हो चुकी है और वह जल्द से जल्द वहां से निकलकर घर लौटना चाहती है। परिवार का कहना है कि यही उनकी बहन से आखिरी बातचीत थी, जिसके दो दिन बाद उसकी मौत की खबर मिल गई।
पूरे संस्थान की व्यवस्था पर सवाल खड़े
परिवार का यह भी दावा है कि आंचल से पहले दो लड़कियों की मौत हो चुकी थी और आंचल की मौत के बाद यह संख्या तीन हो गई। वहीं कुछ सूत्रों के अनुसार 23 फरवरी को भी चाइल्ड होम में एक और लड़की की मौत होने की बात सामने आ रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है, लेकिन ऐसी खबरें सामने आने से पूरे संस्थान की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
क्या बोले उप-विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा?
इस मामले को लेकर देवघर के उप-विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पूरे मामले की जांच कराई गई है। जिन लोगों पर परिजनों ने आरोप लगाए हैं उनसे पूछताछ भी की गई है। उन्होंने कहा कि आंचल कुमारी की मौत के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की गंभीरता से जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।