प्रतापगढ़ में बाग के पेड़ से लटका मिला शिक्षक का शव, पुलिस ने शुरू की गहन छानबीन

प्रतापगढ़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली निवासी एक स्कूल के प्रधानाध्यापक अवधेश यादव का शव कंधई थाना क्षेत्र के खमपुर गांव में एक बाग में पेड़ से लटकता मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 11 October 2026, 5:24 PM IST

Pratapgarh: नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली निवासी एक स्कूल के प्रधानाध्यापक का शव कंधई थाना क्षेत्र के खमपुर गांव की एक बगिया में पेड़ से लटकता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने जमीन विवाद के चलते हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची कंधई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

बाग में फंदे से लटका मिला शव

जानकारी के अनुसार, महुली गांव निवासी 60 वर्षीय अवधेश यादव महुली स्थित राजाराम कॉन्वेंट स्कूल में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत थे। उनका शव कंधई इलाके के खमपुर गांव में एक बगीचे के पेड़ से संदिग्ध परिस्थितियों में लटकता पाया गया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर मृतक के परिजन और कंधई थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

यह भी पढे़ं - Pratapgarh Crime News: आर्य समाज संस्था में वित्तीय गड़बड़ी का आरोप, कोर्ट के आदेश पर FIR

परिजनों ने उठाए सवाल, हत्या की आशंका

मृतक अवधेश यादव के चार बेटे हैं, जिनमें से एक फौज में कार्यरत है, एक अन्य रोजगार के सिलसिले में बाहर रहता है, जबकि दो बेटे घर पर ही रहते हैं। मृतक के परिजनों ने पुलिस के सामने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि अवधेश का कुछ लोगों के साथ जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था, जिसे लेकर वे पिछले कुछ समय से काफी परेशान थे। परिजनों ने शव की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि गले में फंदा सही तरीके से नहीं लगा था और गले पर फांसी के निशान स्पष्ट नहीं थे। उनका आरोप है कि यह मामला आत्महत्या का नहीं बल्कि हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का है।

यह भी पढ़ें - Pratapgarh: पैसे के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, पत्नी समेत 4 पर आरोप

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कंधई थानाध्यक्ष आदित्य सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पूरी तरह से संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है।

Location :  Pratapgarh

Published :  11 October 2026, 5:24 PM IST