सोने की चेन, नकदी और जबरन गाड़ी में बैठाने का गंभीर आरोप, देवरिया के इस सनसनीखेज मामले में पीड़ित और पुलिस के बयानों में फंसा पेंच

देवरिया के सदर कोतवाली क्षेत्र के सोन्दा चौराहे पर एक युवक को जबरन कार में बैठाकर रुपये और सोने की चेन छीनने का मामला सामने आया है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 22 September 2026, 6:15 PM IST

Deoria: देवरिया में एक युवक को कथित तौर पर जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने, रुपये और सोने की चेन छीनने तथा धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में युवक ने मुख्यमंत्री पोर्टल के साथ ही सदर कोतवाली पुलिस और पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामला अपहरण का नहीं, बल्कि दो पक्षों के बीच पैसे के लेन-देन का विवाद है। पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों को थाने लाकर शांति व्यवस्था के तहत कार्रवाई की गई है और मामले की जांच जारी है।

क्या है पूरा मामला

मामला सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के सोन्दा चौराहे का है। लार कस्बा निवासी भीम यादव पुत्र बजरंगी यादव ने पुलिस और मुख्यमंत्री पोर्टल पर दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि 18 सितंबर 2026 को वह एचडीएफसी बैंक से 80 हजार रुपये निकालकर मोटरसाइकिल से सोन्दा चौराहे पर पहुंचा था।

यह भी पढ़ें - Deoria News: जनता दर्शन में पहुंची शिकायत पर तुरंत एक्शन, मौके पर पहुंची टीम ने जांच के बाद किया निस्तारण

पहली छीनी बाइक, फिर जबरन कार में बैठाया

तहरीर के मुताबिक, चौराहे पर पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि उसकी मोटरसाइकिल छीनने के बाद उसे एक स्विफ्ट डिजायर कार में जबरन बैठाकर देवरिया की तरफ ले जाने लगे। पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने और शोर मचाने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।

दिनदहाड़े अपहरण की खबर वायरल

भीम यादव ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके पास मौजूद 80 हजार रुपये और करीब 20 ग्राम वजन की सोने की चेन ले ली गई। पीड़ित ने दावा किया है कि उसे कार में बैठाकर ले जाने की घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है। वहीं, पूरे मामले पर पुलिस का पक्ष भी सामने आया है। क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर चार पहिया वाहन से दिनदहाड़े अपहरण की खबर वायरल हुई थी। पुलिस जांच में मामला अपहरण का नहीं पाया गया।

दोनों पक्षों के बीच पैसे के लेन-देन पर विवाद

सीओ सिटी के अनुसार, मामला दोनों पक्षों के बीच पैसे के लेन-देन से संबंधित आपसी विवाद है। दोनों पक्षों को कोतवाली पुलिस द्वारा थाने लाया गया और शांति व्यवस्था के दृष्टिगत धारा 170 BNSS के तहत कार्रवाई की गई। प्रथम पक्ष को बकाया राशि के संबंध में थाने पर लिखित प्रार्थना पत्र देकर विधिक कार्रवाई कराने की हिदायत दी गई है।

यह भी पढ़ें - Deoria: आधे घंटे की बारिश ने बदल दिया देवरिया का मौसम, उमस से राहत के साथ धान की फसल को मिला सहारा

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

हालांकि, शिकायतकर्ता की तहरीर में जबरन गाड़ी में बैठाने, रुपये और सोने की चेन ले जाने तथा धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ऐसे में अब पुलिस की जांच पर नजर है कि सीसीटीवी फुटेज और दोनों पक्षों के बयानों की जांच के बाद मामले की वास्तविक स्थिति क्या सामने आती है और आगे क्या कानूनी कार्रवाई की जाती है। फिलहाल पुलिस ने अपहरण की बात को निराधार बताते हुए इसे पैसे के लेन-देन का विवाद बताया है, जबकि शिकायतकर्ता ने गंभीर आरोप लगाकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि पूरे घटनाक्रम में वास्तविक स्थिति क्या थी।

Location :  Deoria

Published :  22 September 2026, 6:15 PM IST