रूठी पत्नी को मनाने ससुराल गया था युवक, संदिग्ध हालात में मौत: पिता ने लगाया शराब में जहर देने का गंभीर आरोप

बदायूं के थाना उघैती क्षेत्र के रघुनाथपुर निवासी 35 वर्षीय युवक रिंकू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक के पिता ने ससुराल वालों पर शराब में जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है। आइए जानते हैं आखिर क्या है पूरा मामला।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 September 2026, 2:37 PM IST

Budaun: बदायूं जनपद के थाना उघैती क्षेत्र के गांव रघुनाथपुर निवासी एक 35 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के पिता ने ससुराल वालों पर शराब में जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं पत्नी ने आरोपों को नकारा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

मृतक की पहचान रिंकू (35 वर्ष) पुत्र सोनपाल निवासी गांव रघुनाथपुर, थाना उघैती के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रिंकू की पत्नी प्रवेश करीब 10 दिन पहले दवा लेने का बहाना बनाकर नाराज होकर अपने मायके कोतवाली उझानी क्षेत्र के गांव हुलासी चली गई थी।

यह भी पढ़ें - Budaun: मैरिज हॉल बना नकली खाद का अड्डा, छापे के बाद सामने आई हैरान करने वाली सच्चाई

शनिवार शाम को रिंकू ने अपनी पत्नी को फोन कर उसकी जानकारी ली तो पत्नी प्रवेश ने बताया कि वह अपने मायके हुलासी पहुंच गई है। इसके बाद शनिवार को रिंकू अपनी पत्नी को वापस बुलाने के लिए ससुराल हुलासी गया था।

पिता ने लगाया जहर देकर मारने का आरोप?

मृतक के पिता सोनपाल ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसके बेटे रिंकू को ससुराल में उसके साले नरेंद्र ने शराब में जहर मिलाकर पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पिता का कहना है कि ससुराल वालों ने ही साजिश के तहत उसकी हत्या की है।

पत्नी ने कहा- उझानी से ही शराब पीकर आए थे?

वहीं इस मामले पर मृतक की पत्नी प्रवेश का कहना है कि उसके पति रिंकू शनिवार को उसे बुलाने हुलासी आए थे। वह कल शाम उझानी से ही शराब पीकर आए थे और घर आकर बेहोश हो गए। जिसके बाद परिजन उन्हें पहले सीएचसी उझानी लेकर गए, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में शाम करीब 4 बजे इलाज के दौरान रिंकू की मौत हो गई।

यह भी पढ़ें - Budaun: बदायूं जिला अस्पताल में देर रात चोरों का धावा, कमरा बंद कर हुए फरार

पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम को?

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के पिता सोनपाल की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Budaun

Published :  21 September 2026, 2:37 PM IST