
बदायूं में खाकी और बदमाशों के बीच सनसनीखेज मुठभेड़ (Img: Dynamite News)
Budaun: बदायूं के जनपद बदायूं में थाना अलापुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गौकशी के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इस दौरान हुई दोनों तरफ से फायरिंग में बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक दरोगा भी गोली लगने से घायल हुए हैं। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार थाना अलापुर पुलिस रात में क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। तभी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गौकशी के मामले में वांछित 25 हजार का इनामी बदमाश क्षेत्र में घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया।
यह भी पढ़ें - Budaun: मैरिज हॉल बना नकली खाद का अड्डा, छापे के बाद सामने आई हैरान करने वाली सच्चाई
अपने बचाव में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की जिसमें बदमाश के दोनों पैरों के घुटनों में गोली लग गई और वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया।
इस मुठभेड़ में बदमाश की गोली लगने से थाना अलापुर में तैनात दरोगा कमर अहमद (55) पुत्र इरशाद भी घायल हो गए। गोली उनके सीधे बाजू में लगी है। घायल दरोगा और बदमाश दोनों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पकड़े गए घायल बदमाश की पहचान जुम्मन (46) पुत्र कमरुद्दीन निवासी राजनपुर, थाना कादरचौक जनपद बदायूं के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार जुम्मन थाना अलापुर में गौकशी के एक मामले में लंबे समय से वांछित चल रहा था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
यह भी पढ़ें - Budaun: बदायूं जिला अस्पताल में देर रात चोरों का धावा, कमरा बंद कर हुए फरार
इस पूरे मामले की जानकारी क्षेत्राधिकारी दातागंज सीओ आशीष नाथ सिंह ने बाइट के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि थाना अलापुर पुलिस द्वारा गौकशी की घटना में वांछित 25 हजार के इनामी अभियुक्त जुम्मन को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है। बदमाश के कब्जे से अवैध असलहा और कारतूस बरामद हुए हैं। घायल दरोगा की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
Location : Budaun
Published : 23 September 2026, 11:57 AM IST
Topics : Alapur Police Budaun News crime news UP News UP Police