सड़क हादसे में बेटे को खोया, फिर भी नहीं थमा उत्पीड़न; मुजफ्फरनगर के कय्यूम ने बयां किया अपना दर्द

मुजफ्फरनगर शाहपुर थाना क्षेत्र के पलड़ी गांव के निवासी कय्यूम ने परिवार संग एसएसपी कार्यालय पहुंचकर गांव के ही कुछ लोगों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। पीड़ित का कहना है कि पुरानी रंजिश में उनके खिलाफ रंगदारी और जुए के झूठे केस दर्ज कराए जा रहे हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 13 July 2026, 7:11 PM IST

Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर के शाहपुर पुलिस स्टेशन इलाके में आने वाले पलड़ी गांव के एक परिवार ने पुलिस ऑफिस जाकर आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं, उन पर झूठे केस दर्ज करवा रहे हैं और उनकी जान को खतरा पैदा कर रहे हैं। पीड़ित परिवार ने सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP) को एक औपचारिक शिकायत सौंपी और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।

परिवार को लगातार बना रहे हैं निशाना

पीड़ित कय्यूम पुत्र मकसूद का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोग पुरानी रंजिश के चलते उनके परिवार को लगातार निशाना बना रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पहले भी उनके बेटे और दामाद को झूठे मुकदमे में जेल भिजवाया गया था। इसी तनाव के बीच उनके दूसरे बेटे फुरकान की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।

ये भी पढ़ें - Muzaffarnagar: सैद नगला में तालाब का पानी घरों में घुसा, तीन दिन छतों पर रहने को मजबूर हुए परिवार

पीड़ित ने लगाया गंभीर आरोप

कय्यूम का आरोप है कि इसके बाद भी उनके परिवार का उत्पीड़न नहीं रुका। उन्होंने कहा कि विरोधी पक्ष उन्हें और उनके परिजनों को मजदूरी तक नहीं करने दे रहा है। हाल ही में उनके बेटे, दामाद और भाई के खिलाफ जुआ खेलने, पेड़ काटने और रंगदारी मांगने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत की गई, जबकि यह पूरी तरह झूठे और साजिश के तहत किया गये मामले हैं।

आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं

पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि उनके खिलाफ जुआ खेलने का एक कथित वीडियो भी वायरल किया गया, जिसकी सत्यता की कोई निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई। उनका कहना है कि पुलिस ने उनके बेटे का शांति भंग में चालान कर दिया, लेकिन जिन लोगों पर झूठे आरोप लगाने और उत्पीड़न करने का आरोप है, उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।

ये भी पढ़ें - Muzaffarnagar: भीड़ ने घेरा… और फिर जो हुआ, जानिए बीच सड़क पर कपल को पीटने की क्या थी असली वजह?

पीड़ित परिवार ने की निष्पक्ष जांच की मांग

एसएसपी कार्यालय पहुंचे पीड़ित परिवार ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि शिकायत झूठी पाई जाए तो फर्जी आरोप लगाने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने अपने परिवार की सुरक्षा की भी मांग की है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  13 July 2026, 7:11 PM IST