
देखते ही देखते साफ हो गए लाखों रुपये (Img: Canva)
Gorakhpur: गोरखपुर के गीडा पुलिस स्टेशन इलाके में साइबर धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक जालसाज ने एक व्यक्ति के बैंक खाते से लगभग 3.98 लाख रुपये उड़ा लिए। इस घटना का पता चलने पर पीड़ित हैरान रह गया। उसने तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और अपने बैंक खाते का संचालन बंद करवा दिया। इसके बाद, पीड़ित की शिकायत के आधार पर गीडा पुलिस ने अज्ञात जालसाज के मोबाइल नंबर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गीडा थाना क्षेत्र के पिपरी निवासी श्याम मिलन मौर्य, पुत्र रघुवीर मौर्य, का पंजाब नेशनल बैंक की एकला शाखा में खाता संचालित है। आरोप है कि 24 जून को साइबर जालसाज ने किसी तरह उनके बैंक खाते तक पहुंच बना ली और अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 3 लाख 98 हजार रुपये निकाल लिए। खाते से लगातार रकम कटने की जानकारी मिलने पर पीड़ित के पैरों तले जमीन खिसक गई।
ये भी पढ़ें - Gorakhpur: आखिर कैसे खाताधारकों की आंखों में धूल झोंक रहा था ये ठग? डाकघर ठगी मामले में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
पीड़ित ने बिना देर किए साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और बैंक से संपर्क कर खाते का संचालन बंद कराया, ताकि आगे कोई और लेनदेन न हो सके। इसके बाद उन्होंने गीडा थाने में तहरीर देकर पूरे मामले से पुलिस को अवगत कराया।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर जालसाजी में प्रयुक्त मोबाइल नंबर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मोबाइल नंबर, बैंकिंग ट्रांजैक्शन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। जांच के लिए साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है।
ये भी पढ़ें - Gorakhpur ATS Raid: इंटरनेशनल साइबर क्राइम सिंडिकेट पर शिकंजा, गोरखपुर में ATS की गुप्त छापेमारी
लगातार बढ़ रही साइबर ठगी की घटनाओं ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी साझा करने से बचें। यदि खाते से कोई संदिग्ध लेनदेन दिखाई दे तो तुरंत बैंक, साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को कम किया जा सके।
Location : Gorakhpur
Published : 11 July 2026, 7:28 PM IST