
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest )
Aligarh: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गोंडा थाना क्षेत्र के बसौली गांव में 20 वर्षीय लॉ छात्रा हिमांशी की कथित तौर पर उसके ही परिजनों ने हत्या कर दी। आरोप है कि हत्या के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देकर रातों-रात अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। अगले दिन प्रेमी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मां, दो भाइयों समेत पांच परिजनों को हिरासत में लिया गया है, जबकि पिता की तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि, हिमांशी और हर्षित वार्ष्णेय बचपन से एक ही स्कूल में पढ़ते थे और स्कूल बस से साथ आते-जाते थे। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हुए। समय के साथ दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन अलग-अलग समाज से होने के कारण हिमांशी का परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था।
Aligarh: हिंदू बनकर गाजियाबाद की महिला से दोस्ती, फिर होटल में बंधक बनाकर दुष्कर्म
हर्षित ने एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि 15 मार्च को परिजनों की प्रताड़ना से परेशान होकर हिमांशी उसकी मेडिकल स्टोर पर पहुंची थी। आरोप है कि उसके पीछे-पीछे पहुंचे भाइयों ने दुकान पर ही उसके साथ मारपीट की थी, जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है। उस समय मामला गोंडा थाने पहुंचा था, जहां लिखित समझौते के बाद परिजन हिमांशी को अपने साथ ले गए थे।
हर्षित का आरोप है कि हिमांशी लगातार बताती थी कि परिवार उस पर प्रेम संबंध खत्म करने का दबाव बना रहा है और जान से मारने की धमकी देता है। उसने आरोप लगाया कि इसी क्रम में बृहस्पतिवार रात उसकी हत्या कर दी गई और सबूत मिटाने के लिए जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उसने अपनी जान को भी खतरा बताया है।
प्रेमी की शिकायत के बाद एसएसपी ने मामले का संज्ञान लिया और खुद घटनास्थल पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने गांव के बाहर जली चिता से हड्डियों के नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्र किए। घर से भी फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने हत्या, साक्ष्य मिटाने और मारपीट समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
Aligarh: मेडिकल रोड पर ऐस प्लाजा में आग का तांडव, कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची
सीओ इगलास कमलेश कुमार ने बताया कि, इस मामले में मां, दो सगे भाई और दो मामा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपी पिता की तलाश जारी है। शुरुआती जांच में मामला सुनियोजित हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही सामने आएगा।
पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए परिजनों से पूछताछ की जा रही है। शुरुआत में उन्होंने आत्महत्या की बात कही, लेकिन पूछताछ के दौरान उनके बयानों में विरोधाभास सामने आया। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
Location : Aligarh
Published : 25 July 2026, 5:15 PM IST