
बदायूं में भीषण सड़क हादसा
Badaun: बदायूं जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं। तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली और टेंपो की आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसा मूसाझाग थाना क्षेत्र के दातागंज रोड पर डीएसआर कॉलेज के पास हुआ।
जानकारी के मुताबिक उन्नाव जनपद के थाना कोतवाली क्षेत्र के गांव पतारी निवासी 48 वर्षीय दिव्यांग अवधेश पुत्र श्याम सिंह सुबह-सुबह अपने भतीजे अमन पुत्र रामअवध के साथ बस से बदायूं रोडवेज पहुंचे थे। बस से उतरने के बाद दोनों ने दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव बीरमपुर जाने के लिए टेंपो पकड़ा। बताया जा रहा है कि अवधेश अपने भांजे की शादी में ‘भात’ पहनाने जा रहे थे। परिवार में शादी का माहौल था और रिश्तेदारी निभाने के लिए वह सफर पर निकले थे, लेकिन रास्ते में ही हादसे ने सब कुछ बदल दिया।
उसी टेंपो में दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव पापड़ निवासी 20 वर्षीय विकास पुत्र मुन्ने भी सवार था। बताया जा रहा है कि विकास दिल्ली से मजदूरी करके वापस गांव लौटा था और किसी काम से जा रहा था। टेंपो में उसके अलावा दो अन्य लोग भी मौजूद थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही मिनटों बाद यह सफर जिंदगी का आखिरी सफर साबित हो जाएगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब टेंपो दातागंज रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने नियंत्रण खो दिया और सीधे टेंपो में जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। आसपास मौजूद लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने की कोशिश की।
बदायूं में दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार ट्रैक्टर और ट्रॉली की टक्कर में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।… pic.twitter.com/qx8pIEmhqn
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) April 29, 2026
हादसे में अवधेश और विकास की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अमन और दो अन्य घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामले में पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे का कारण मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की पहचान और दुर्घटना के हालात की जांच की जा रही है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
Location : Badaun
Published : 29 April 2026, 3:10 PM IST