दिन में ऐसे घूम रहे थे जैसे आम ग्राहक हों, रात में ATM की दीवार तोड़कर कर डाली लाखों की चोरी; CCTV ने खोला राज

मुजफ्फरनगर के नगर कोतवाली क्षेत्र में रुड़की रोड स्थित जनसेवा केंद्र में चोरी का मामला सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध पहले रेकी करते और फिर लकड़ी की दीवार तोड़कर केंद्र में दाखिल होते नजर आ रहे हैं। पीड़ित ने चोरी की रकम लाखों में बताई है, जबकि पुलिस रकम का सत्यापन कर रही है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 23 September 2026, 4:15 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: दिन में रेकी, रात में वारदात और फिर लकड़ी की दीवार तोड़कर जनसेवा केंद्र में घुसकर कैश पर हाथ साफ... मुजफ्फरनगर में दो संदिग्ध चोरों की ऐसी करतूत सामने आई है, जो आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। रुड़की रोड स्थित जनसेवा केंद्र में चोरी की इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। फुटेज में दोनों संदिग्ध पहले दिन में आसपास घूमते और रेकी करते नजर आ रहे हैं, जबकि रात में केंद्र की लकड़ी की दीवार तोड़कर अंदर दाखिल होते दिखाई दे रहे हैं।

दिन में रेकी, रात में दीवार तोड़कर घुसे

मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के रुड़की रोड और रुड़की चुंगी चौकी क्षेत्र का बताया जा रहा है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि दोनों ने वारदात से पहले दिन में इलाके और जनसेवा केंद्र की रेकी की। इसके बाद रात के समय दोनों दोबारा वहां पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज में वे जनसेवा केंद्र की लकड़ी से बनी दीवार को तोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।

मुजफ्फरनगर में बदमाशों के हौसले बुलंद: मॉर्निंग वॉक से लौट रही महिला से छेड़छाड़, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

करीब छह लाख रुपये चोरी होने का दावा

पीड़ित की ओर से चोरी की रकम लाखों रुपये बताई गई है। शुरुआती जानकारी में यह रकम करीब छह लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि चोरी की वास्तविक रकम का अभी सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, मौके से मिले साक्ष्यों और शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। ऐसे में चोरी की अंतिम रकम जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी करतूत

इस वारदात की सबसे अहम कड़ी आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे हैं। फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। बताया जा रहा है कि दिन में की गई रेकी से लेकर रात में चोरी की वारदात तक की तस्वीरें कैमरों में कैद हुई हैं। फुटेज सामने आने के बाद इसे सोशल मीडिया पर भी शेयर किया जा रहा है। पुलिस अब इन्हीं फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।

मुजफ्फरनगर में सनसनी: सिर्फ कहासुनी पर 70 साल के बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, रोंगटे खड़े कर देगा यह मामला

पुलिस ने मौके से जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज समेत दूसरे साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में शामिल दोनों संदिग्ध कौन हैं और चोरी के बाद वे किस दिशा में फरार हुए। एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा के मुताबिक, रुड़की रोड स्थित जनसेवा केंद्र में चोरी की घटना की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  23 September 2026, 4:15 PM IST

Related News

Advertisement