पढ़ाई करने लाइब्रेरी गया छात्र, बाहर खड़ी साइकिल चंद मिनटों में गायब; CCTV में कैद हुआ चोर

कानपुर देहात के सिकंदरा कस्बे में लाइब्रेरी के बाहर खड़ी छात्र की साइकिल दिनदहाड़े चोरी हो गई। छात्र अंदर पढ़ाई कर रहा था, तभी अज्ञात चोर साइकिल लेकर फरार हो गया। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर सिकंदरा पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 15 September 2026, 5:46 PM IST

Kanpur Dehat: कानपुर देहात के सिकंदरा कस्बे में दिनदहाड़े एक छात्र की साइकिल चोरी होने से हड़कंप मच गया। छात्र लाइब्रेरी में बैठकर पढ़ाई कर रहा था और इसी दौरान अज्ञात चोर बाहर खड़ी उसकी साइकिल लेकर फरार हो गया। कुछ देर बाद जब छात्र लाइब्रेरी से बाहर आया तो साइकिल गायब देखकर उसके होश उड़ गए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई तो एक संदिग्ध व्यक्ति साइकिल लेकर जाता हुआ दिखाई दिया। छात्र की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

लाइब्रेरी के बाहर खड़ी की थी साइकिल

सिकंदरा थाना क्षेत्र के रजौली गांव निवासी छात्र अखिलेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह मंगलवार को रोजाना की तरह पढ़ाई करने के लिए सिकंदरा कस्बे की लाइब्रेरी पहुंचा था। छात्र ने अपनी साइकिल लाइब्रेरी के बाहर खड़ी की और अंदर जाकर पढ़ाई करने लगा। छात्र के मुताबिक, इसी दौरान 14 सितंबर को करीब 11:20 बजे अज्ञात व्यक्ति उसकी साइकिल चोरी कर वहां से निकल गया।

भगवान के मंदिर को भी नहीं छोड़ा! कानपुर देहात में चोरों ने तोड़ा ताला, मंदिर पहुंची पुजारिन तो रह गई दंग

बाहर आया तो गायब मिली साइकिल

पढ़ाई पूरी करने के बाद जब अखिलेश लाइब्रेरी से बाहर आया तो वहां उसकी साइकिल नहीं थी। पहले उसने आसपास साइकिल की तलाश की और लोगों से भी जानकारी ली, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति साइकिल लेकर जाते हुए दिखाई दिया।

CCTV फुटेज पुलिस को सौंपी

साइकिल चोरी होने के बाद छात्र सिकंदरा थाने पहुंचा और अज्ञात चोर के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने की कोशिश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे व्यक्ति के बारे में पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।

एक गलती और खाते से गायब हो गए करीब 6 लाख! कानपुर देहात पुलिस ने लौटाई पूरी रकम

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

सिकंदरा पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोर की तलाश की जा रही है। आसपास के रास्तों और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस जल्द आरोपी तक पहुंचने और चोरी गई साइकिल बरामद करने की कोशिश में जुटी है।

Location :  Kanpur Dehat

Published :  15 September 2026, 5:46 PM IST