बदायूं में तेज रफ्तार का कहर: ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को रौंदा, दो युवकों की मौत से शादी वाला घर गम में डूबा

बदायूं के उसैहत थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। मृतकों में एक युवक शादी वाले घर का सदस्य था, जिससे खुशियां मातम में बदल गईं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 20 June 2026, 4:23 PM IST

Badaun: बदायूं जिले के उसैहत थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। कादरचौक मार्ग पर पक्के पुल के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि कुछ ही पलों में सड़क पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर के बाद बाइक सवार युवक सड़क पर जा गिरे और ट्रॉली के पहियों की चपेट में आ गए।

पक्के पुल के पास हुआ भीषण हादसा

जानकारी के मुताबिक बाइक सवार तीनों युवक उसैहत की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे कादरचौक मार्ग पर पक्के पुल के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान ट्रॉली उनके ऊपर से निकल गई। आसपास मौजूद लोग हादसे का मंजर देखकर सहम गए और तुरंत मदद के लिए दौड़े।

बदायूँ में एसएसपी को तहरीर देकर लौट रहे पांच लोगों पर तालिबानी अंदाज में हमला, कार तोड़कर लाठी-डंडों से पीटा

अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गईं सांसें

पुलिस ने तीनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने गाड़िया हार्दोपट्टी निवासी पुरुषोत्तम (21) पुत्र ऋषिपाल और फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज थाना क्षेत्र के बझेड़ा गांव निवासी मुनीश (22) पुत्र महिपाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल गाड़िया हार्दोपट्टी निवासी नन्हे उर्फ श्याम सिंह (19) पुत्र बहादुर का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और डॉक्टर लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं।

शादी की खुशियों के बीच छाया मातम

इस हादसे ने सबसे ज्यादा दर्द उस परिवार को दिया, जहां खुशियों की तैयारियां चल रही थीं। मृतक पुरुषोत्तम के पिता ऋषिपाल के घर बेटी की शादी थी। घर में रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था और शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। वहीं मुनीश भी अपनी ममेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए फर्रुखाबाद से गाड़िया आया हुआ था। किसी ने नहीं सोचा था कि शादी की खुशियों के बीच ऐसा मातम छा जाएगा।

बदायूं में प्यार के लिए बदला धर्म, हीरा नजमा बनी हिमांशी कुमारी, कोर्ट मैरिज के बाद अतुल संग मंदिर में रचाई शादी

ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी पुलिस

घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। थाना उसैहत पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।

Location :  Badaun

Published :  20 June 2026, 4:23 PM IST