Sonbhadra: फर्जी फर्म से 70 लाख का GST घोटाला, आरोपी गिरफ्तार

सोनभद्र में फर्जी फर्म के जरिए 70 लाख की GST चोरी का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 3 April 2026, 5:33 PM IST

Sonbhadra: सोनभद्र में कागजों पर चल रहे एक बड़े खेल का पर्दाफाश हुआ है, जहां बिना कोई असली कारोबार किए सरकारी खजाने को चूना लगाया जा रहा था। फर्जी दस्तावेज, बनावटी लेन-देन और करोड़ों के टैक्स सिस्टम के साथ खिलवाड़, इस पूरे मामले ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पर्दे के पीछे कितना बड़ा घोटाला चल रहा था।

फर्जी फर्म के जरिए GST घोटाले का खुलासा

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में फर्जी फर्म के जरिए जीएसटी चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। प्रदेश सरकार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने करीब 70 लाख रुपये की बोगस इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के घोटाले का खुलासा किया है।

आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी

पुलिस ने इस मामले में आसिफ अली नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो डाला बाजार क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी को 2 अप्रैल 2026 की शाम करीब 4:30 बजे वैष्णो देवी मंदिर, डाला के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और डेटा मॉनिटरिंग के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक कर उसे दबोचा।

छात्रों के सपनों के साथ बड़ा खेल: एडमिशन के नाम पर लाखों की ठगी! हैरान कर देगा सोनभद्र का ये मामला

कैसे हुआ पूरा खेल?

जांच में सामने आया कि आरोपी ने डी.के. एसोसिएट्स नाम से एक फर्जी फर्म बनाई थी और उसी के जरिए जीएसटी रजिस्ट्रेशन हासिल किया। इसके बाद अलग-अलग वित्तीय वर्षों में करीब 70 लाख रुपये की बोगस ITC क्लेम की गई।

कूटरचित दस्तावेजों से किया फर्जीवाड़ा

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूरी तरह से फर्जी दस्तावेज तैयार कर लेन-देन दिखाया और सरकार को मिलने वाले टैक्स का भुगतान नहीं किया। यह मामला सीधे तौर पर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने और गबन की श्रेणी में आता है। बिना किसी वास्तविक व्यापार के सिर्फ कागजों पर कारोबार दिखाकर ITC का लाभ लेना एक गंभीर आर्थिक अपराध माना जाता है।

गिरफ्तारी के दौरान क्या मिला?

गिरफ्तारी के समय पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन, एक फाइल में कई संदिग्ध दस्तावेज, एक मारुति XL6 कार और ₹26,450 नकद बरामद किए हैं।

“मजदूरों को न्याय दो” के नारों से गूंजा सोनभद्र, काली पट्टी बांधकर सड़कों पर उतरे इस विभाग के कर्मचारी, जानें पूरा मामला

पुलिस का बड़ा बयान

इस पूरे मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि जिले में फर्जी फर्मों के जरिए जीएसटी चोरी करने वाले कई लोगों की पहचान की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि रॉबर्ट्सगंज थाने में इस तरह के कई मामले दर्ज हैं और जांच के दौरान जो भी व्यक्ति इसमें शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Location : 
  • Sonbhadra

Published : 
  • 3 April 2026, 5:33 PM IST