पापा, वो मुझे कहां ले जा रही थी…? सीतापुर में खौफनाक वारदात से पहले कांप उठी हर मां की रूह

सीतापुर के नारायण नगर में टॉफी का लालच देकर 5 वर्षीय बच्चे को साथ ले जा रही एक महिला को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार महिला नशे की हालत में थी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस हिरासत में लेकर मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 26 August 2026, 12:43 PM IST

Sitapur: शहर कोतवाली क्षेत्र के नारायण नगर मोहल्ले में मंगलवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला पर पांच वर्षीय बच्चे को टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ ले जाने का प्रयास करने का आरोप लगा। बच्चे के साथ महिला को देखकर स्थानीय लोगों को शक हुआ। लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह आगे बढ़ती रही। इस पर मोहल्ले के लोगों ने दौड़ाकर महिला को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे हिरासत में लेकर शहर कोतवाली ले गई।

क्या है पूरा मामला

नारायण नगर निवासी प्रमोद गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पांच वर्षीय भतीजा अयन गुप्ता मंगलवार रात करीब नौ बजे घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात महिला वहां पहुंची और बच्चे को टॉफी दिलाने की बात कहकर उसका हाथ पकड़कर आगे ले जाने लगी। बच्चे को महिला के साथ जाते देख आसपास मौजूद लोगों को शक हुआ। लोगों ने महिला को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं रुकी। इसके बाद मोहल्ले के लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

ये भी पढ़ें - Sitapur News: एक झटके में उजड़ गया परिवार! तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, दो सगे भाइयों की मौत

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस महिला को हिरासत में लेकर शहर कोतवाली ले गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बच्चे के स्वजन और स्थानीय लोगों ने पुलिस को तहरीर देकर महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ये भी पढ़ें - Sitapur: हिस्ट्रीशीटर मुजीब अहमद पर पुलिस का शिकंजा, अब खुलेंगे अपराध की दुनिया के छिपे राज

मामले की जांच जारी

पुलिस के मुताबिक, महिला नशे की हालत में थी। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस महिला की पहचान और बच्चे को अपने साथ ले जाने के पीछे की वास्तविक वजह पता लगाने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद बच्चे के स्वजन में चिंता का माहौल है।

Location :  Sitapur

Published :  26 August 2026, 12:43 PM IST