
जांच में जुटी पुलिस (IMG: Dynamite News)
Auraiya: औरैया में रेलवे ट्रैक के किनारे दो युवकों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह-सुबह रेल पटरी के पास पड़े इन शवों को देखकर हर कोई हैरान रह गया। दोनों युवकों की उम्र करीब 30 से 31 साल बताई जा रही है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों के शव रेलवे ट्रैक के अलग-अलग खंभों के पास मिले हैं। पुलिस को तलाशी के दौरान उनके पास से दो टूटे हुए मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं।
मामला औरैया जिले के दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग का है। गुरुवार सुबह करीब नौ बजे धारा का पूर्वा गांव के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब स्टेशन मास्टर ने रेलवे ट्रैक के किनारे दो शव पड़े होने की सूचना थाना पुलिस को दी। स्टेशन मास्टर की ओर से पुलिस को मेमो भेजा गया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का जायजा लिया। मौके पर थानाध्यक्ष जीतमल चौधरी उपनिरीक्षक जयप्रकाश सिंह, मुन्नालाल और मेवालाल के साथ पहुंचे।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि एक युवक का शव रेलवे के खंभा नंबर 1112/3 के पास पड़ा था। वहीं, दूसरे युवक का शव कुछ दूरी पर खंभा नंबर 1112/10 के पास मिला। दोनों शवों की स्थिति और आसपास के हालात को देखते हुए पुलिस ने जरूरी जांच-पड़ताल की। इसके बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल दोनों युवकों की पहचान नहीं हो सकी है।
थानाध्यक्ष जीतमल चौधरी के मुताबिक, दोनों युवकों की उम्र करीब 30 से 31 साल के बीच है। पुलिस ने उनकी पहचान के लिए कपड़ों का विवरण भी जुटाया है, ताकि आसपास के थानों और दूसरे संबंधित विभागों के माध्यम से उनके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके। पहले युवक ने स्लेटी रंग की फुल बाजू टीशर्ट पहन रखी थी। इसके ऊपर उसने काले रंग की जैकेट पहनी हुई थी। युवक के शरीर पर काले रंग का लोअर भी मिला है।
इस पूरे मामले में सबसे अहम बात यह है कि पुलिस को दोनों युवकों की तलाशी के दौरान दो टूटे हुए मोबाइल फोन मिले हैं। फिलहाल यह साफ नहीं है कि मोबाइल किस वजह से टूटे और वे किस स्थिति में वहां पहुंचे। पुलिस इन मोबाइल फोन की जांच कर रही है। उम्मीद है कि मोबाइल से जुड़ी जानकारी मिलने पर दोनों युवकों की पहचान करने में मदद मिल सकती है।
“मेरी बीवी से लड़ाई हो गई, अब आत्महत्या ही करूंगा” फिर कैसे आधी रात में बच गई औरैया के आकाश की जान?
दोनों युवकों की पहचान करना पुलिस के सामने फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती है। इसके लिए आसपास के थानों के साथ रेलवे पुलिस (जीआरपी) को भी सूचना दी गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं आसपास के किसी इलाके से कोई युवक लापता तो नहीं है। इसके अलावा दोनों युवकों के हुलिए और कपड़ों का विवरण भी पहचान के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।
Location : Auraiya
Published : 19 November 2026, 1:58 PM IST