
नदी में मिला ऐसा शव कि मच गया हड़कंप (IMG: Dynamite News)
Sitapur: नदी के पानी में उतराता एक शव... हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए... सिर पर चोट के गहरे निशान और कपड़ों से भी पहचान का कोई सुराग नहीं। मंगलवार सुबह सीतापुर-हरदोई सीमा पर हथियाघाट के पास जब ग्रामीणों की नजर इस शव पर पड़ी तो इलाके में सनसनी फैल गई। पहली नजर में ही मामला सामान्य मौत का नहीं बल्कि हत्या का लग रहा था। सूचना मिलते ही दोनों जिलों की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शव निकालने और जांच शुरू करने से पहले ही पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई। करीब चार घंटे तक दोनों थानों की पुलिस यह तय करने में लगी रही कि शव किस जिले की सीमा में पड़ा है।
बताया गया कि मंगलवार सुबह करीब आठ बजे कुछ ग्रामीण नदी किनारे से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में उतराते एक शव पर पड़ी। पहले तो ग्रामीणों को लगा कि शायद कोई हादसा हुआ है, लेकिन जब उन्होंने शव को गौर से देखा तो उसके हाथ-पैर बंधे हुए नजर आए। इसके बाद ग्रामीणों ने आसपास के लोगों को सूचना दी और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई।
दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची तो उम्मीद थी कि शव को बाहर निकालकर जांच शुरू की जाएगी। लेकिन मामला कुछ ही देर में अलग दिशा में चला गया। नैमिषारण्य पुलिस का कहना था कि शव हरदोई जिले की सीमा में है, जबकि बेनीगंज पुलिस का कहना था कि घटनास्थल सीतापुर की सीमा में आता है। देखते ही देखते दोनों थानों के पुलिसकर्मी सीमा को लेकर चर्चा में उलझ गए। ग्रामीणों के मुताबिक करीब चार घंटे तक शव नदी किनारे पड़ा रहा।
जब सीमा विवाद की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंची तो प्रशासनिक स्तर पर हस्तक्षेप किया गया। इसके बाद नायब तहसीलदार, हल्का लेखपाल और दोनों जिलों की राजस्व टीमें मौके पर पहुंचीं। राजस्वकर्मियों ने पुराने नक्शे और राजस्व अभिलेखों को सामने रखा। इसके बाद मौके पर बाकायदा पैमाइश कराई गई। फीता डालकर जमीन और नदी के आसपास की सीमा को चिह्नित किया गया।
शव को पानी से बाहर निकाला गया तो युवक के हाथ-पैर सफेद कपड़े और रस्सी से मजबूती से बंधे हुए थे। उसके सिर पर खून और चोट के गहरे निशान दिखाई दिए। युवक ने चेक वाली शर्ट और लोअर पहन रखा था। शरीर की स्थिति और हाथ-पैर बंधे होने के कारण पुलिस भी घटना को संदिग्ध मान रही है।
मृतक की अभी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने युवक की तस्वीर आसपास के गांवों और थानों में भेजी है। सीतापुर और हरदोई के अलावा आसपास के जिलों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हाल के दिनों में किसी युवक के लापता होने की शिकायत दर्ज हुई है या नहीं। अगर किसी गुमशुदगी की रिपोर्ट से युवक का हुलिया मेल खाता है तो उसके परिजनों को बुलाकर पहचान कराई जाएगी।
Location : Sitapur
Published : 11 August 2026, 4:53 PM IST