पहले पीछा किया, फिर बाइक में मारी टक्कर और फरार; महिला राइडर का VIDEO वायरल होते ही पुलिस एक्शन में

गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर के साथ कथित हिट-एंड-रन और रोडरेज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। आरोप है कि सफेद Maruti Suzuki Ciaz में सवार युवकों ने महिला राइडर का पीछा करने के बाद उनकी बाइक को टक्कर मारी और मौके से फरार हो गए। वीडियो वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 14 September 2026, 1:15 PM IST

Gurugram: गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर के साथ कथित हिट-एंड-रन और रोडरेज की घटना ने सनसनी मचा दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक कार सवार युवक महिला बाइक राइडर का पीछा करता और उसकी बाइक को टक्कर मारता नजर आ रहा है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सड़क पर कई मीटर तक घिसटती चली गई और उससे चिंगारियां निकलती दिखाई दीं।

महिला राइडर के साथ हुआ विवाद

घटना रविवार, 13 सितंबर 2026 की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक 'सिया' नाम की महिला ब्लॉगर अपनी Aprilia RS 457 स्पोर्ट्स बाइक से गोल्फ कोर्स रोड से गुजर रही थीं। इसी दौरान एक सफेद रंग की Maruti Suzuki Ciaz कार में सवार कुछ युवकों ने कथित तौर पर उनका पीछा करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि कार सवारों ने महिला बाइक राइडर को रुकने का इशारा किया।

गुरुग्राम में खौफनाक वारदात: बाथरूम की सीट में कुंडली मारकर बैठा था 6 फीट लंबा नाग, रेस्क्यू का VIDEO वायरल

कैमरे में कैद हुई पूरी घटना

इस पूरी घटना का वीडियो महिला राइडर और उनके साथ मौजूद दोस्तों की बाइक पर लगे एक्शन कैमरों में रिकॉर्ड हो गया। वायरल वीडियो में कथित तौर पर कार को बाइक के पीछे आते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद कार बाइक के बेहद करीब पहुंचती है और टक्कर हो जाती है। टक्कर के बाद बाइक सड़क पर गिरकर कई मीटर तक घिसटती चली जाती है। इस दौरान सड़क पर बाइक से चिंगारियां निकलती हुई दिखाई देती हैं।

वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने लिया संज्ञान

गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक शुरुआत में पीड़ित महिला की तरफ से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली थी। हालांकि सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया। पुलिस ने वीडियो के आधार पर घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों की ओर से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना गोल्फ कोर्स रोड के किस सटीक स्थान पर हुई और मामला किस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

सीनियर अफसरों से छिपाकर हरियाणा में डाला छापा, फिर गुरुग्राम में जो हुआ उससे उड़ गए बिजनौर पुलिस के होश

कार नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश

वायरल वीडियो और सामने आई जानकारी में सफेद रंग की Maruti Suzuki Ciaz का नंबर HR30Y4949 बताया गया है। पुलिस इस वाहन की पहचान और उसके मालिक से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय कार कौन चला रहा था और उसमें कितने लोग सवार थे।

FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू

गुरुग्राम ईस्ट के डीसीपी संदीप कुमार और पीआरओ संदीप तूरान के मुताबिक पुलिस वीडियो के आधार पर घटना की सटीक लोकेशन और क्षेत्राधिकार की पुष्टि कर रही है। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार मामले में FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Location :  Gurugram

Published :  14 September 2026, 1:15 PM IST