
डंपर चालक हत्याकांड का मुख्य आरोपीगिरफ्तार (Img: pexels)
Rampur: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के पटवाई थाना क्षेत्र में डंपर चालक चंद्रपाल उर्फ चंचल की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी योगेश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में दावा किया कि मृतक के उसकी पत्नी से अवैध संबंध थे और उसने उसकी पत्नी की आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल कर दी थीं, जिससे समाज में बदनामी हो रही थी। इसी वजह से उसने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार को पटवाई थाना पुलिस जोलपुर रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान निर्माणाधीन सोना पुल के पास एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर आरोपी बाइक छोड़कर कच्चे रास्ते से भागने लगा। पीछा किए जाने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी योगेश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, नाल में फंसा एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस तथा हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में भी कार्रवाई की जा रही है।
Rampur: मामूली विवाद बना जानलेवा, डंपर चालक की गोली मारकर हत्या
पुलिस पूछताछ में आरोपी योगेश ने दावा किया कि उसकी पत्नी के मृतक चंद्रपाल उर्फ चंचल से अवैध संबंध थे। उसका आरोप है कि चंचल ने उसकी पत्नी के साथ कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें खींचकर वायरल कर दी थीं, जिससे रिश्तेदारों और समाज में उसकी बदनामी हो रही थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि बदनामी से परेशान होकर उसने अपने सहयोगियों विनोद, महेश और भाई मुनेश के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। सोमवार रात शाहबाद रोड स्थित मोगा ढाबे के सामने टायर पंचर बनवाने के दौरान चंद्रपाल उर्फ चंचल के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई।
घटना के बाद मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने योगेश, विनोद और मुनेश समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
थाना प्रभारी धनंजय कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी योगेश को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया है। आवश्यक चिकित्सीय उपचार के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Location : Rampur
Published : 1 July 2026, 4:00 PM IST