
Raebareli: ऊंचाहार क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करंट की चपेट में आने से दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों घटनाएं अलग-अलग गांवों में हुईं। एक महिला खेत में करंट प्रवाहित तारों की चपेट में आ गई, जबकि दूसरी महिला घर में पंखे का प्लग लगाते समय बिजली की चपेट में आ गई। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है।
पहली घटना नेवादा मजरे सांवापुर नेवादा गांव की है। यहां गांव निवासी लालजी की 54 वर्षीय पत्नी लल्ली शुक्रवार सुबह खेतों की ओर गई थीं। इसी दौरान वह एक खेत में लगे तारों के संपर्क में आ गईं, जिनमें करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना अलीनगर असकरनपुर गांव में हुई। यहां ज्ञानचंद की 37 वर्षीय पत्नी कल्पना घर में बिजली के बोर्ड में फर्राटा पंखे का प्लग लगा रही थीं। बताया गया कि प्लग का तार कटा हुआ था, जिससे वह करंट की चपेट में आ गईं। परिजन उन्हें आनन-फानन में सीएचसी लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
लल्ली की मौत के बाद परिजनों ने खेत मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली गेट पर शव वाहन रोककर प्रदर्शन किया। उन्होंने पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया। मृतका की बेटी लक्ष्मी और अन्य परिजनों का आरोप है कि खेत में केवल झटका मशीन नहीं, बल्कि खुले तौर पर बिजली का करंट प्रवाहित किया जा रहा था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।
Raebareli Murder: खून से सना मिला व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस
हंगामे की सूचना मिलने पर कार्यवाहक कोतवाल संजय कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे और दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हुए। इस दौरान करीब आधे घंटे तक कोतवाली परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनोज शुक्ल ने बताया कि दोनों महिलाओं को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। कार्यवाहक कोतवाल संजय कुमार शर्मा ने कहा कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : RaeBareli
Published : 26 June 2026, 8:56 PM IST
Topics : crime news Raebareli UP News UP Police uttar pradesh