ग्रेटर नोएडा बैंक घोटाला: बिना अनुमति खातों और एफडी से कैसे निकल गए करोड़ों? क्या बैंक लॉकरों से गायब हुए गहनों की भरपाई होगी?

ग्रेटर नोएडा के पाई-1 ऐच्छर गांव स्थित PNB शाखा में करोड़ों की हेराफेरी पर बैंक ने मुख्य स्टाफ को सस्पेंड कर दिया है। 200 करोड़ से अधिक के इस घोटाले में 350 से ज्यादा खाताधारक प्रभावित हैं, जिसमें एयरपोर्ट मुआवजा पाने वाले किसानों को निशाना बनाया गया। सीबीआई और EOW ने जांच संभाल ली है।

Updated : 30 October 2026, 10:31 AM IST
google-preferred

Greater Noida: पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की ग्रेटर नोएडा स्थित पाई-1 (ऐच्छर गांव) शाखा में ग्राहकों के खातों से करोड़ों रुपये की हेराफेरी का मामला सामने आने के बाद बैंक प्रशासन और जांच एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। बैंक की इस शाखा में तैनात मुख्य स्टाफ को निलंबित कर दिया गया है, जबकि कुछ अन्य कर्मचारियों का तबादला कर दिया गया है। इस सनसनीखेज वित्तीय अनियमितता की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दी गई है।

सीबीआई और ईओडब्ल्यू ने शुरू की जांच, मांगे गए दस्तावेज

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई ने बैंक के सेक्टर-1 स्थित क्षेत्रीय कार्यालय से पिछले दो वर्षों के दौरान शाखा में तैनात रहे कर्मचारियों और संबंधित बैंक खातों के लेनदेन का पूरा ब्योरा मांग लिया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि खातों से अवैध रूप से रकम निकालने या उन्हें अन्य खातों में स्थानांतरित करने में किन-किन लोगों की मिलीभगत रही है। दूसरी ओर, बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने इस मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू), मेरठ को ट्रांसफर करने के लिए पत्र लिख दिया है। इसके अलावा बैंक की साइबर और सतर्कता टीमें भी मुंबई और नोएडा के वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में इस पूरे घोटाले की परतें खंगाल रही हैं।

दिल्ली में गाड़ी लेकर जाने से पहले पढ़ लें ये खबर! 1 नवंबर से लागू होंगे नए GRAP नियम

किसानों की मुआवजा राशि को बनाया गया निशाना

शुरुआती दौर में इस घोटाले की राशि करीब 35 करोड़ रुपये आंकी गई थी, लेकिन अब जांच में यह दायरा बढ़कर 200 करोड़ रुपये से अधिक होने की आशंका जताई जा रही है। इस धोखाधड़ी से 350 से अधिक खाताधारक प्रभावित हुए हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि इस पूरे खेल में मुख्य निशाना नोएडा एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले वे किसान और जमीन मालिक बने हैं, जिन्हें भारी-भरकम मुआवजा मिला था। आरोप है कि खाताधारकों की बिना जानकारी और अनुमति के उनके बचत खातों और फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) से पैसे निकाल लिए गए। साथ ही, कुछ खाताधारकों द्वारा बैंक लॉकर में रखे गए सोने-चांदी के गहने भी गायब होने की शिकायतें सामने आई हैं।

PNB Scam Greater Noida

प्रतीकात्मकत छवि (सोर्स-Pintrest)

बैंक प्रबंधन का दावा- ग्राहकों का एक भी पैसा नहीं डूबेगा

घोटाले की खबर सामने आने के बाद बृहस्पतिवार सुबह से ही बैंक परिसर में खाताधारकों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोग अपनी पासबुक में एंट्री कराने, एफडी की स्थिति जानने और अपने खातों में बची हुई रकम की जानकारी लेने पहुंचे। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कई जगह खाताधारकों की बैंक कर्मियों से तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद पीड़ित लोगों ने किसान संगठनों के साथ मिलकर बैंक के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए बैंक के अंदर और बाहर पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

Greater Noida PNB Scam: 350 से ज्यादा खाताधारकों की रकम में हेरफेर! 20 करोड़ के पार पहुंचा मामला, CBI जांच शुरू

इस बीच, पीएनबी के दिल्ली-एनसीआर जोनल मैनेजर राजेश भौमिक ने खाताधारकों को ढांढस बंधाते हुए दावा किया है कि ग्राहकों का एक भी पैसा नहीं डूबेगा। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को तीन खाताधारकों की रकम वापस कर दी गई है। बैंक सभी ग्राहकों का एक-एक पैसा लौटाएगा। हालांकि, इस पूरी जांच और धन वापसी की प्रक्रिया में कुछ समय लग सकता है, लेकिन बैंक हर प्रभावित ग्राहक को उनकी पूरी रकम वापस दिलाएगा।

Location :  Greater Noida

Published :  30 October 2026, 10:28 AM IST

Related News

Advertisement