
GST अपर आयुक्त संदीप भागिया का तबादला (Img : AI)
Noida: उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार देर रात बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 20 आईएएस (IAS) अधिकारियों के तबादले किए। इसी क्रम में गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद के अपर आयुक्त (राज्य कर) संदीप भागिया का भी स्थानांतरण कर दिया गया है। उन्हें मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (MVVNL) का प्रबंध निदेशक (एमडी) नियुक्त किया गया है। हाल के दिनों में उनकी कार्यशैली और कर्मचारियों की शिकायतों को लेकर वे चर्चा में रहे थे।
संदीप भागिया पर इससे पहले कुछ महिला कर्मचारियों ने उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। मामले की जांच कराई गई थी, जिसमें उन्हें आरोपों से मुक्त बताया गया। बाद में शिकायत करने वाली कुछ कर्मचारियों का भी स्थानांतरण किया गया था।
हाल ही में राज्य कर विभाग के लगभग 60 कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्य सचिव को शिकायत भेजकर संदीप भागिया की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे। कर्मचारियों का आरोप था कि उन पर अनावश्यक दबाव बनाया जाता है और कार्यस्थल का माहौल तनावपूर्ण रहता है।
यूपी के पूर्व ARTO ललित कुमार के घर मिली अकूत संपत्ति; Lucknow, Noida समेत कई शहरों में प्लॉट्स और फ्लैट्स; जानिये कैसे हुआ खुलासा
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया था कि 14 जून को हुई एक बैठक के दौरान कथित तौर पर तनावपूर्ण स्थिति के बाद एक अधिकारी की तबीयत बिगड़ गई थी। इन शिकायतों के बाद शासन ने प्रशासनिक स्तर पर तबादले का निर्णय लिया।
तबादले के बाद संदीप भागिया को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (MVVNL) का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। हालांकि, शासन की ओर से तबादले को शिकायतों से सीधे जोड़ते हुए कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
संदीप भागिया की जगह 2020 बैच के आईएएस अधिकारी परीक्षित खटाना को अपर आयुक्त (राज्य कर), गौतमबुद्ध नगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वह आजमगढ़ के मुख्य विकास अधिकारी (CDO) के पद पर तैनात थे।
Location : Noida
Published : 10 July 2026, 1:16 PM IST