हिंदी
मृत महिला (फोटो: डाइनामाइट न्यूज़)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही तेज बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। जिले के कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। इसी बीच मंसूरपुर थाना क्षेत्र के खानपुर गांव में गुरुवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया, जहां भारी बारिश के कारण एक कच्चा मकान ढह गया। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, खानपुर गांव की सुभाष कॉलोनी में रहने वाले कृष्ण पाल और उनकी पत्नी सरोज अपने कच्चे मकान में मौजूद थे। देर रात लगातार हो रही बारिश के बीच मकान की दीवार और छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के दौरान सरोज मलबे के नीचे दब गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कृष्ण पाल घायल हो गए। उन्हें स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
ये भी पढ़ें: Muzaffarnagar: ससुराल में हैवानियत की हदें पार, पांच माह की गर्भवती बहू की संदिग्ध मौत
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और मलबे में दबी महिला के शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
ग्राम प्रधान राजीव धनगर के अनुसार, मृतका और उसका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर था और काफी समय से जर्जर मकान में रह रहा था। लगातार बारिश के कारण मकान के पीछे स्थित खाली प्लॉट में पानी भर गया था। जलभराव के चलते मकान की दीवारें कमजोर हो गईं और देर रात छत व दीवार एक साथ गिर गईं, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।उन्होंने बताया कि कॉलोनी के पीछे बने खाली और गहरे प्लॉटों में आसपास के घरों और बारिश का पानी जमा हो जाता है, जिससे हर वर्ष जलभराव की समस्या बनी रहती है।
ये भी पढ़ें: Muzaffarnagar Crime: मुफ्त इलाज और पैसों का लालच, जंगलों के बीच चल रहे इस गंदे खेल का ऐसे हुआ भंडाफोड़
ग्राम प्रधान ने बताया कि प्रशासन को घटना की सूचना तुरंत दे दी गई थी। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि परिवार को शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार आर्थिक मदद दी जाएगी।
खतौली के उपजिलाधिकारी ललित मिश्रा ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जिले में जहां भी जलभराव की स्थिति है, वहां प्रशासन, पुलिस और ग्राम विकास विभाग की टीमें लगातार काम कर रही हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना दें।
मुजफ्फरनगर में लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई गांवों और कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों को आवागमन और दैनिक कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 10 July 2026, 3:47 PM IST