हिंदी
खुर्जा से चौंकाने वाला मामला (Img: Pinterest)
Khurja: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के बुर्ज उस्मान मोहल्ले में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर की छत पर पतंग उड़ा रहा 12 वर्षीय बच्चा अपनी पतंग को बिजली के तारों से निकालने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान एक ऐसी गलती हो गई, जिसने परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल दीं। इस हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसे देखकर हर कोई सन्न रह गया।
जानकारी के अनुसार, 12 वर्षीय आहत अपने घर की छत पर पतंग उड़ा रहा था। उड़ाई गई पतंग घर के बाहर से गुजर रही 11 हजार केवी क्षमता की हाईटेंशन विद्युत लाइन में फंस गई। पतंग निकालने के लिए बच्चे ने लोहे का पाइप उठाया और उसे तारों की ओर बढ़ाया। जैसे ही पाइप बिजली की लाइन के संपर्क में आया, तेज धमाके के साथ करंट फैल गया और बच्चा उसकी चपेट में आ गया।
धमाके की आवाज सुनकर 65 वर्षीय दादा इसरार तुरंत छत पर पहुंचे। उन्होंने बिना अपनी जान की परवाह किए करंट की चपेट में आए पोते को बचाने की कोशिश की। लेकिन जैसे ही उन्होंने बच्चे को उठाने का प्रयास किया, वे भी तेज करंट की चपेट में आ गए। देखते ही देखते दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद परिजन दोनों को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद इसरार को मृत घोषित कर दिया। वहीं 12 वर्षीय आहत का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसे लगातार निगरानी में रखा गया है।
सुसाइड या सोची-समझी साजिश? बहन के घर आए युवक का खेत में मिला शव, उठे कई गंभीर सवाल
हादसे की सूचना मिलते ही खुर्जा पुलिस और ऊर्जा निगम की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि बिजली के तारों में फंसी पतंग या किसी अन्य वस्तु को कभी भी लोहे या धातु की वस्तु से निकालने की कोशिश न करें।
Location : Khurja
Published : 10 July 2026, 3:46 PM IST