राजा रघुवंशी मर्डर केस: सोनम रघुवंशी की जमानत पर सुप्रीम कोर्ट की रोक से इनकार, मेघालय सरकार को जारी किया नोटिस

राजा रघुवंशी हनीमून मर्डर केस में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को मिली जमानत पर सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल रोक लगाने से इनकार कर दिया है। हालांकि, अदालत ने हाईकोर्ट के फैसले पर सवाल उठाते हुए मेघालय सरकार की याचिका पर नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 3 July 2026, 2:07 PM IST
google-preferred

New Delhi: राजा रघुवंशी हनीमून मर्डर केस की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को मिली जमानत पर सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल रोक लगाने से इनकार कर दिया है। हालांकि अदालत ने मेघालय हाईकोर्ट के फैसले पर शुरुआती आपत्ति जताई और राज्य सरकार की याचिका पर नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा है।

सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हाईकोर्ट के फैसले में कुछ ऐसे पहलू हैं जिन पर विचार करने की जरूरत है। लेकिन चूंकि सोनम रघुवंशी पहले ही जेल से रिहा हो चुकी हैं, इसलिए इस चरण में उनकी जमानत पर रोक लगाना उचित नहीं होगा। अदालत ने मामले की आगे सुनवाई जारी रखने का फैसला किया है।

New Delhi: IPL में अंपायरों की कितनी होती है कमाई? जानें किसने किया खुलासा

मेघालय सरकार ने जताई आपत्ति

मेघालय सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने हाईकोर्ट के फैसले को गंभीर बताते हुए कहा कि यह एक सुनियोजित हत्या का मामला है। उन्होंने अदालत को बताया कि राजा रघुवंशी की हत्या हनीमून के दौरान की गई थी और शव को गहरी खाई में फेंक दिया गया था। मामले में कुल 94 गवाह हैं और ट्रायल अभी जारी है। राज्य सरकार का कहना है कि गिरफ्तारी के दस्तावेज में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) की जगह गलती से धारा 403(1) लिख दी गई थी। सरकार ने इसे केवल टाइपिंग की त्रुटि बताया और कहा कि आरोपी को गिरफ्तारी के समय हत्या के आरोपों की पूरी जानकारी दी गई थी। ऐसे में सिर्फ तकनीकी गलती के आधार पर जमानत देना उचित नहीं है।

हाईकोर्ट के फैसले पर कोर्ट की टिप्पणी

सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान यह भी पूछा कि गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी नहीं दिए जाने का मुद्दा पहले की जमानत याचिकाओं में क्यों नहीं उठाया गया। अदालत ने यह भी सवाल किया कि जब पहले मामले के तथ्यों के आधार पर राहत नहीं दी गई थी, तो बाद में केवल तकनीकी आधार पर जमानत कैसे दी गई। सोनम रघुवंशी की ओर से पेश वकील ने कहा कि गिरफ्तारी के समय सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि जमानत मिलने के बाद सोनम पर कई शर्तें लगाई गई हैं और उनके फरार होने की कोई संभावना नहीं है। साथ ही ट्रायल शुरू हो चुका है, इसलिए उन्हें जेल में रखने की जरूरत नहीं है।

क्या है पूरा मामला

राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी की शादी 12 मई 2025 को हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद दोनों हनीमून के लिए मेघालय गए थे। 23 मई के बाद दोनों लापता हो गए। बाद में राजा रघुवंशी का शव एक गहरी खाई से बरामद हुआ। जांच के दौरान पुलिस ने आरोप लगाया कि यह हत्या पहले से रची गई साजिश का हिस्सा थी। मामले में सोनम रघुवंशी, उनके कथित प्रेमी राज कुशवाहा समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ 700 से अधिक पन्नों की चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। फिलहाल मामले की सुनवाई जारी है।

Location :  New Delhi

Published :  3 July 2026, 2:07 PM IST

Advertisement