हिंदी
सुरों का बेताज बादशाह निकला सिक्योरिटी गार्ड (Img- Instagram)
New Delhi: सोशल मीडिया एक ऐसा मंच है जहां कब, किसका टैलेंट दुनिया के सामने आ जाए और उसे रातों-रात स्टार बना दे, कुछ कहा नहीं जा सकता। इन दिनों इंटरनेट पर एक ऐसा ही दिल छू लेने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर आपकी आंखें नम भी होंगी और आप इस हुनर को सलाम भी करेंगे।
वायरल हो रहे इस वीडियो में सिक्योरिटी गार्ड की वर्दी पहने एक शख्स हाथ में गिटार थामे मशहूर सिंगर आतिफ असलम का ब्लॉकबस्टर गाना 'आदत' गाता नजर आ रहा है। बिना किसी महंगे स्टूडियो, बिना किसी तामझाम या ऑटो-ट्यून के इस शख्स ने अपनी जादुई और सुरीली आवाज से ऐसा समां बांधा कि सुनने वाले बस मंत्रमुग्ध रह गए।
इस भावुक कर देने वाले वीडियो को इंस्टाग्राम पर 'fulcrum.theband' नाम के पेज से साझा किया गया था। वीडियो शेयर करने वाले यूजर ने इसके पीछे की दिलचस्प कहानी भी बताई। उन्होंने लिखा कि जब इस गार्ड ने हमारी टीम से गिटार देखने के लिए मांगा, तो हमें लगा कि वह सिर्फ उत्सुक है और उसे गिटार बजाना शायद ही आता होगा। लेकिन जैसे ही उसने गिटार की धुनों पर अपनी आवाज का जादू बिखेरना शुरू किया, वहां मौजूद हर शख्स दंग रह गया। कुछ पलों के लिए वह अपनी मजबूरी और सुरक्षाकर्मी की वर्दी से परे, सिर्फ और सिर्फ एक सच्चा म्यूजिशियन नजर आ रहा था।
यह वीडियो सिर्फ एक अच्छे गाने का नहीं है, बल्कि यह हमारे समाज के उस कड़वे सच 'ड्यूटी बनाम सपनों' की एक जीती-जागती और दर्दभरी दास्तान है। वीडियो के कैप्शन में एक बहुत ही गहरी बात लिखी गई थी "सिर्फ शौक या हुनर से हमेशा घर के बिजली-पानी के बिल नहीं भरे जाते।"
एक ऐसा कलाकार जिसमें देश का एक बेहतरीन सिंगर बनने का पूरा माद्दा है, वह आज अपनी और अपने परिवार की रोजी-रोटी चलाने के लिए एक गार्ड की नौकरी करने को मजबूर है। यह उस आम इंसान की कहानी है जिसे अक्सर हालातों और घरेलू जिम्मेदारियों के आगे अपने बड़े सपनों का गला घोंटना पड़ता है।
594 करोड़ की डील और एक्स गर्लफ्रेंड की माफी? जानिए इस्माइल साइबरी की वायरल कहानी का सच
इस दिल छू लेने वाले मोमेंट को सोशल मीडिया पर अब तक लाखों व्यूज और 1 लाख 87 हजार से भी ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं। वीडियो के कमेंट बॉक्स में यूजर्स का प्यार और गुस्सा दोनों साफ देखा जा सकता है। लोग इस गार्ड की आवाज के मुरीद हो चुके हैं और कई यूजर्स ने बड़े-बड़े म्यूजिक डायरेक्टर्स और सिंगर्स को टैग करते हुए इस टैलेंट को सही और बड़ा मंच देने की अपील की है।
एक यूजर ने लिखा, "टैलेंट कभी हालातों का मोहताज नहीं होता," तो वहीं दूसरे ने लिखा, "इस आवाज ने रोंगटे खड़े कर दिए, भगवान इसे जल्दी कामयाबी दे।" यह वीडियो हमें सिखाता है कि हालात चाहे जैसे भी हों, इंसान को अपने अंदर की कला को कभी मरने नहीं देना चाहिए।
Location : New Delhi
Published : 3 July 2026, 2:44 PM IST