
मुजफ्फरनगर में दावत मांगने पर बड़ा बवाल (Img: X)
Muzaffarnagar: शादी की दावत को लेकर दो दोस्तों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते दो परिवारों के बीच हिंसक विवाद में बदल गई। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के मंसूरपुर थाना क्षेत्र के नरा गांव में मंगलवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद घरों की छतों से एक-दूसरे पर जमकर ईंट-पत्थर फेंके गए। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, नारा गांव के रहने वाले मनीष की हाल ही में शादी हुई थी। उसके दोस्त आशु ने उससे शादी की दावत मांगी। आरोप है कि मनीष ने मना कर दिया, जिससे दोनों दोस्तों के बीच बहस हो गई। एक छोटी सी बात से शुरू हुआ यह विवाद जल्द ही दोनों परिवारों तक पहुंच गया। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई।
जैसे-जैसे विवाद बढ़ा दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। पुरुष और महिलाएं अपने घरों की छतों पर चढ़ गए और एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंकने लगे। दोनों गुटों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई।
Muzaffarnagar: भगत सिंह रोड पर बाजार लगाने को लेकर हंगामा, रेहड़ी-पटरी दुकानदारों में आक्रोश
मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें दोनों पक्षों के लोगों को छतों से एक-दूसरे पर पत्थर फेंकते हुए देखा जा सकता है। यह घटना अब गांव में चर्चा का विषय बन गई है।
पत्थरबाजी की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। तीन लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया चल रही है।
Muzaffarnagar News: सड़क बनी या भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी? चार दिन में उखड़ने लगा भोपा-बहड़ा मार्ग
खतौली की सर्कल ऑफिसर (CO) रूपाली राव ने बताया कि नारा गांव में शादी की दावत को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हो गया था। विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें पत्थरबाजी भी हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और फिलहाल गांव में स्थिति शांतिपूर्ण है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 11 November 2026, 12:51 PM IST