Muzaffarnagar: 20 हजार का इनामी साइबर ठग गिरफ्तार, करोड़ों की ठगी के नेटवर्क का बड़ा खुलासा

मुजफ्फरनगर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट गैंग के 20 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के खातों में 31.71 लाख रुपये का लेनदेन मिला, जबकि 31.95 करोड़ की साइबर ठगी से जुड़े मामले सामने आए हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 30 June 2026, 7:30 PM IST

Muzaffarnagar: साइबर क्राइम थाना पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट और साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक 20 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस जांच में आरोपी के बैंक खातों में 31 लाख 71 हजार 950 रुपये की संदिग्ध राशि ट्रांसफर होने का खुलासा हुआ है। वहीं देशभर में दर्ज करीब 20 साइबर शिकायतों में इस गिरोह द्वारा 31 करोड़ 95 लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है।

सूचना पर दबोचा गया इनामी आरोपी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण तथा साइबर क्राइम थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। गृह मंत्रालय के 'प्रतिबिंब' पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की जांच के दौरान पुलिस को डिजिटल अरेस्ट और साइबर धोखाधड़ी में इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल नंबरों और बैंक खातों के तार मुजफ्फरनगर से जुड़े मिले।

Muzaffarnagar News: गुड खांडसारी एंड ग्रेन मर्चेंट्स एसोसिएशन के चुनाव में संजय और सचिन गुट के बीच कांटे की टक्कर

जांच के आधार पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। इस मामले में पहले ही पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी, जबकि मुख्य वांछित आरोपी रिहान पुत्र मोहम्मद मेहराज, निवासी मक्कीनगर, थाना खालापार, फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

फर्जी फर्म से बैंक खाते बनाया

पूछताछ में आरोपी रिहान ने बताया कि उसने मयूर अफजल राणा के कहने पर अपने नाम से कई बैंकों में खाते खुलवाए थे। इसके अलावा "रिहान ट्रांसपोर्ट" नाम से एक फर्जी फर्म बनाकर उसका बैंक खाता भी खोला गया था।

आरोपी ने कबूल किया कि, यह फर्म केवल कागजों पर बनाई गई थी और इसका उपयोग साइबर ठगी की रकम मंगाने तथा उसे अन्य खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था। वह बैंक, एटीएम और जनसेवा केंद्रों के माध्यम से पैसे निकालकर मयूर अफजल राणा को देता था। इसके बदले उसे प्रत्येक बैंक खाते के लिए 60 हजार रुपये और प्रत्येक ट्रांजैक्शन पर अलग से कमीशन मिलता था।

Muzaffarnagar: शुक्रताल में गंगा स्नान के दौरान तीन बड़े हादसे, 3 की मौत, एक गंभीर

31.71 लाख रुपये का लेनदेन

पुलिस जांच में आरोपी के बैंक खातों में 31.71 लाख रुपये का साइबर ठगी से जुड़ा लेनदेन मिला है। वहीं देश के विभिन्न राज्यों में दर्ज करीब 20 शिकायतों के अनुसार इस गिरोह ने 31.95 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी को अंजाम दिया है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य बैंक खातों, सहयोगियों और पूरे साइबर नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  30 June 2026, 7:30 PM IST